फिरोजपुर में पांच की मौत: ट्रक व कार की टक्कर में तीन की गई जान, बाइक हादसे ने दो की जिंदगी लील ली
पंजाब के फिरोजपुर जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। गांव भेढ़ियां के नजदीक हुए हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। वहीं गांव टाहलीवाला बोदला के नजदीक एक बाइक अनियंत्रित होकर किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई है। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजपुर-मल्लांवाला रोड स्थित गांव जीवां भेढ़ियां (वाहका मोड़) के नजदीक ट्रक और कार की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार तीन नौजवानों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसा शनिवार देर रात घटित हुआ है। उधर, थाना आरिफके पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ जांच शुरू की है। उधर, सिविल अस्पताल के डॉ. शशि कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में मारे गए तीन नौजवानों के शव अस्पताल में आए हैं। सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
मल्लांवाला निवासी अर्जुन शर्मा ने बताया कि उनका बेटा अमन अपने दोस्त मनदीप सिंह उर्फ माना पुत्र गुरमुख सिंह व गुरविंदर सिंह पुत्र लखविंदर सिंह निवासी बस्ती खच्चर वाला के साथ स्विफ्ट कार में लुधियाना गया था। वहां से सामान लेकर फिरोजपुर पहुंचे, यहां किसी बीमार दोस्त से मिलने के लिए रुक गए। रात को डिनर करके कार में मल्लांवाला लौट रहे थे। फिरोजपुर-मल्लांवाला रोड पर पड़ते गांव जीवां भेढ़ियां स्थित एक मैरिज पैलेस के नजदीक पहुंचे कि मल्लांवाला की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से कार की टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखचे उड़ गए। इस हादसे में कार में सवार मनदीप, अमन व गुरविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों वाहनों की टक्कर की आवाज सुनकर गांव के ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। बड़ी मुश्किल से कार के अंदर से उक्त तीनों नौजवानों को बाहर निकाला गया। तीनों जवानों को लेकर फिरोजपुर सिविल अस्पताल पहुंचे, डॉक्टर ने चेक करने के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। आरोपी चालक ट्रक वहीं छोड़कर खुद भाग गया। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
मनदीप पर दर्ज हैं एनडीपीएस का मामला
मल्लांवाला (फिरोजपुर)। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस सड़क हादसे में मरने वाला मनदीप सिंह उर्फ माना पुत्र गुरमुख सिंह निवासी मल्लांवाला के खिलाफ थाना मल्लांवाला पुलिस ने एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया हुआ है। तब से ये फरार था। 7 अक्तूबर को थाना मल्लांवाला पुलिस ने एक पंजाबी अखबार के पत्रकार हरपाल सिंह खालसा निवासी कुतबदीन वाला (मल्लांवाला) को सौ ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था।
इस मामले की तफ्तीश सब-इंस्पेक्टर बलराज सिंह कर रहे हैं। खालसा ने पूछताछ के दौरान बताया था कि उक्त हेरोइन मनदीप सिंह उर्फ माना से खरीद कर लाया है। थाना मल्लांवाला पुलिस ने हरपाल व मनदीप के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया है। खालसा जेल के अंदर बंद है जबकि मनदीप पुलिस के काबू नहीं आया था।
सड़क हादसे में दो नौजवानों की मौत
गांव टाहलीवाला बोदला के नजदीक अनियंत्रित होकर एक बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार दो नौजवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नौजवान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। थाना अरनीवाला पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई सुभाष चंद्र ने बताया कि गुरचरन सिंह उर्फ चन्नू, राजविंदर सिंह उर्फ राजू व मंगत सिंह निवासी नुकेरियां राज मिस्त्री का काम करते हैं। वे फाजिल्का की टीचर कालोनी में एक घर में निर्माण कार्य कर रहे थे। शनिवार रात को काम निपटाकर तीनों बाइक पर घर लौट रहे थे।
राजविंदर बाइक चला रहा था। गांव टाहली वाला बोदला के नजदीक पहुंचते ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर किसी से टकरा गई। इस हादसे में राजविंदर सिंह व गुरचरन सिंह की मौत हो गई, जबकि मंगत सिंह गंभीर जख्मी हो गया। एएसआई ने बताया कि मंगत के सिर पर गहरी चोट लगी है। उसे याद नहीं आ रहा है कि दुर्घटना कैसे हुई।