गर्मी से चंडीगढ़ बेहाल: मानसून ने तरसाया, तेज धूप और गर्म हवाओं ने झुलसाया, अभी लंबा है इंतजार
चंडीगढ़ के मौसम विभाग ने 13 जून को शहर में मानसून की घोषणा कर दी थी। इस घोषणा के बाद दो दिन तक बारिश तो हुई, लेकिन उसके बाद ही मानसून कमजोर पड़ गया। 17 जून के बाद सिर्फ चार एमएम बारिश दर्ज की गई है। उसके बाद से लगातार बढ़ रही गर्मी से लोग परेशान हो गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गर्मी में चंडीगढ़ वासी बेहाल हैं। मानसून की बारिश न होने से चंडीगढ़ व आसपास के इलाकों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हवा में नमी ज्यादा होने की वजह से लोगों को गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। मंगलवार को पूरे दिन 10-12 किमी प्रतिघंटा की गति से हवाएं चलीं। तापमान भी सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा जबकि एयरपोर्ट इलाके में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रहा। हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार को लू (हीट वेव) की घोषणा नहीं की।
मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि लू घोषित करने के लिए दो पैमाने जरूरी होते हैं। पहला, तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा हो, दूसरा लगातार दो दिन ऐसी स्थिति रही हो। मंगलवार को पहला ही दिन था। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में बुधवार को लू महसूस की जा सकती है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री की संभावना दर्ज की है। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। हल्के बादल आ सकते हैं, लेकिन इसका तापमान पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
48 घंटे बाद बदलेगा मौसम
बुधवार को भी तापमान के बढ़ने के आसार हैं। लू भी चल सकती है। ऐसे में लोगों को थोड़ा सचेत होने की जरूरत है। दो जुलाई के आसपास मौसम में बदलाव आ सकता है। बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। -शिवेंद्र सिंह, मौसम वैज्ञानिक, चंडीगढ़ मौसम विभाग