चंडीगढ़। कुत्तों के प्रति होने वाली हैवानियत कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को सुबह करीब 11.30 बजे सेक्टर-31डी की मार्केट में टाटा- 407 चालक ने एक कुत्ते को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबदस्त थी कि कुत्ते की आंख बाहर आ गई। रविवार को एसपीसीए कुत्ते के आंख का ऑपरेशन करेगी।
सेक्टर-31डी में ही अपने दफ्तर जा रहे दविंदर कुमार ने इस घटना को देखा तो उनसे कुत्ते की हालत देखी नहीं गई। उन्होंने गाड़ी चालक को कहा कि उनकी वजह से कुत्ते की ऐसी हालत हुई है, इसलिए वह कुत्ते को अस्पताल में भर्ती कराए और उनका इलाज कराए, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए। इस दौरान समाजसेवी देवेंद्र कुमार ‘सोनू’ ने तुरंत पीएफए चंडीगढ़ को संपर्क किया, लेकिन उन्होंने भी एक घंटे बाद आने का कहा। इस दौरान दविंदर ने तुरंत दूसरी संस्था मोगली एड से संपर्क किया और घायल कुत्ते को उपचार के लिए एंबुलेंस मंगवाई। इस घटना के बाद देवेंद्र कुमार सोनू ने बताया कि ड्राइवर की गाड़ी का नंबर और घर का पता नोट कर लिया है। आने वाले दिनों में जो भी बनती कार्रवाई होगी, एनजीओ की सलाह से वह की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में आए दिन इस तरह पशु क्रूरता की घटनाएं बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि घायल कुत्ता भी सेक्टर-38 के एसपीसीए में भर्ती है। डॉक्टर उसकी देखरेख कर रहे हैं और जानकारी के अनुसार रविवार को डॉक्टरों द्वारा कुत्ते का ऑपरेशन किया जाएगा।