Chandigarh News: आठ साल बाद कर्तव्य पथ पर दिख सकती है झांकी, चंडीगढ़ की कमेटी ने दी मंजूरी, केंद्र को भेजा
गणतंत्र दिवस परेड के लिए इस बार केंद्र सरकार ने झांकी के लिए आजादी के 75 साल, अंतरराष्ट्रीय ज्वार-बाजरा वर्ष, नारी शक्ति की थीम को चुना है। परेड में भाग लेने के लिए इन तीनों में से किसी एक थीम या तीनों को मिलाकर एक झांकी बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साल 2014 के बाद चंडीगढ़ कर्तव्य पथ पर नहीं दिखा है लेकिन इस बार सिटी ब्यूटीफुल की झांकी कर्तव्य पथ पर दिख सकती है। यूटी प्रशासन ने नियोजित, आधुनिक और प्रगतिशील चंडीगढ़ थीम पर झांकी का एक मॉडल तैयार किया है, जिसे चंडीगढ़ की कमेटी ने मंजूरी दे दी है। प्रशासन ने आखिरी मंजूरी के लिए प्रस्ताव को मंत्रालय में भेज दिया है।
प्रशासन के अधिकारियों को इस बार चंडीगढ़ की झांकी के चयनित होने की पूरी उम्मीद है। दावा है कि शहर की झांकी काफी अलग होगी। इसका मॉडल तैयार कर लिया गया है, जिसमें चंडीगढ़ को एक आधुनिक और प्रगतिशील दिखाया गया है। इसमें चंडीगढ़ के आर्किटेक्चर बहुत ही खूबसूरती से दिखाया गया है।
रॉक गार्डन की कुछ खास खूबियों को भी शामिल किया गया है। झांकी का एक अहम हिस्सा शहर के साइकिल ट्रैक होंगे, जिसका राजपथ पर प्रदर्शन किया जाएगा। झांकी के माध्यम से पूरे देश को बताया जाएगा कि रोजमर्रा की जिंदगी में स्वास्थ्य को बढ़ावा देना चंडीगढ़ की योजना में सबसे पहले है। शहर में साइकिल ट्रैक हैं, जिसका साइकिल चालक व्यापक रूप से उपयोग कर रहे हैं। शहर में पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम शुरू किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोगों को परिवहन के मुख्य साधन के रूप में साइकिल चलाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
झांकी बनाने के लिए केंद्र सरकार ने दिए हैं तीन थीम
गणतंत्र दिवस परेड के लिए इस बार केंद्र सरकार ने झांकी के लिए आजादी के 75 साल, अंतरराष्ट्रीय ज्वार-बाजरा वर्ष, नारी शक्ति की थीम को चुना है। परेड में भाग लेने के लिए इन तीनों में से किसी एक थीम या तीनों को मिलाकर एक झांकी बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है। हालांकि चंडीगढ़ की तरफ से नियोजित, आधुनिक और प्रगतिशील चंडीगढ़ थीम पर झांकी का मॉडल तैयार किया गया है। इसमें साइकिल ट्रैक के अलावा शहर की हरियाली को भी दिखाया जाएगा। रोज गार्डन, बटरफ्लाई पार्क जैसे गार्डनों को झांकी में शामिल किया गया है।
पिछले वर्षों में चंडीगढ़ ने इन थीमों पर बनाई है झांकी
वर्ष 2014 में चंडीगढ़ की झांकी राजपथ पर दिखी थी। इसमें कैपिटल कांप्लेक्स, रॉक गार्डन और शहर की हरियाली व जीवन स्तर को दिखाया गया था। 2017 में इंटरनेशनल डॉल म्यूजियम के थीम पर झांकी का प्रस्ताव भेजा था। 2018 में कैपिटल कांप्लेक्स, रोज गार्डन और सुखना लेक थीम पर झांकी का प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा था। वर्ष 2021 में मॉडर्न जेल बुडै़ल, सुखना लेक और गार्डन्स ऑफ चंडीगढ़ के तीन विषय पर झांकी बनाने का प्रस्ताव भेजा था। मंत्रालय ने इन तीनों थीम के बजाय वर्ल्ड हेरिटेज कैपिटल कांप्लेक्स पर प्रेजेंटेशन तैयार करने को कहा था लेकिन बाद में उसे भी मंजूरी नहीं दी गई थी।
रक्षा मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद झांकी बनाने पर काम होगा शुरू
चंडीगढ़ की तरफ से झांकी के थीम और मॉडल को मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद प्रस्ताव को रक्षा मंत्रालय को भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद इनके डिजाइन पर काम शुरू होगा। झांकी को बनाने के लिए आर्ट कॉलेज के प्रोफेसर व प्रशासन के अधिकारियों की एक कमेटी बनाई गई है, जो एक निजी एजेंसी के माध्यम से इस काम को पूरा करेगी। इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।