रामपाल पर ये क्या बोल गए श्री श्री रविशंकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरवाला प्रकरण जैसे मुद्दों पर सर्वधर्म संसद हो, जहां ऐसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। रविवार को मॉडल टाउन स्थित हिंदू हाई स्कूल में एक कार्यक्रम में पहुंचे श्री श्री रविशंकर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बरवाला स्थित डेरे में हुई घटना से लोगों के विश्वास पर अवश्य फर्क पड़ता है। सभी धर्मों के लोगों को एकजुट होकर ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आगे आना चाहिए।
श्रीश्री रविशंकर ने कोर्ट द्वारा सभी डेरों की जांच के सवाल पर कहा कि वह अदालत के आदेशों का स्वागत करते हैं। लेकिन ऐसी नौबत नहीं आनी चाहिए कि डेरों की तलाशी ली जाए और संतों की गरिमा पर आंच आए। प्रदेश में दौरे के दौरान जींद में खाप से किस एजेंडे पर मुलाकात करेंगे, इसके जवाब में रविशंकर ने कहा कि वह किसी से एजेंडा लेकर नहीं मिलते हैं।
मिलने पर एजेंडा बनता है। खाप प्रदेश की बड़ी संस्था है, उसमें उसकी अच्छी बात भी है और बुरी भी है। उनमें अच्छी बातें लानी होंगी।
विदेश में अब भारतीयता को अधिक महत्व
उन्होंने नरेंद्र मोदी की सरकार बनने पर आए बदलाव के सवाल पर कहा कि जरूर बदलाव आया है। लोगों की सोच बदली है। देश-विदेश में सब सम्मान की दृष्टि से देख रहे हैं। विदेश में अब भारतीयता को पहले के मुकाबले अधिक महत्व मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वह रेवाड़ी में बेटी बचाओ और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए आह्वान करने आए हैं। साथ ही रेवाड़ी को अपराधमुक्त बनाया जाए ताकि लोग चैन से रह सकें। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रवि शंकर ने कहा कि मन को स्वच्छ करने के लिए गीता का ध्यान करें।
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्राणायाम करें। इससे पहले श्रीश्री रविवार देर शाम शहर के मॉडल टाउन स्थित हिंदू हाईस्कूल में संस्था की ओर से आयोजित आशीर्वाद कार्यक्रम में जीने के गुर सिखाए। हजारों की संख्या में मैदान में मौजूद भक्तों के बीच रविशंकर ने मंच से कहा कि हल्दी का प्रयोग जरूर करें। इसके प्रयोग से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। यह बीमारियों को रोकती है।
सीएम, मंत्री और पूर्व मंत्री भी पहुंचे
रेवाड़ी के हिंदू हाई स्कूल में आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से आयोजित आशीर्वाद कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी पहुंचे। यहां पहुंचने पर श्रीश्री रविशंकर ने मुख्यमंत्री का शाल ओढ़ाकर स्वागत किया, वहीं मुख्यमंत्री ने रविशंकर को पगड़ी पहनाई।
मुख्यमंत्री खट्टर अपनी टीम के साथ रात करीब 7:30 बजे पहुंचे। उन्होंने महासत्संग में रविशंकर के प्रवचन सुने। उनके साथ मंत्री बिक्रम सिंह, विधायक रणधीर सिंह, डॉ. बनवारी लाल, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश ग्रोवर, जिलाध्यक्ष सतीश खोला मौजूद थे।
महासत्संग में पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव भी पहुंचे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आधा घंटा तक रुके रहे।