मिनी लॉकडाउन का विरोध: दुकानदारों ने पुलिस को सौंपी चाबी, कहा- आप दुकान खोलें, परिवार का पालन पोषण भी करें
शुक्रवार को दुकानदारों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो गिरफ्तारी भी देंगे। दुकानदारों ने कुछ समय के लिए चंडीगढ़ हाईवे भी जाम किया। दुकानदारों ने पुलिस पर जबरदस्ती का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने सिर्फ उन दुकानदारों पर मामला दर्ज किया है, जो कांग्रेस के साथ नहीं बल्कि अन्य पार्टी से संबंध रखते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के समराला क्षेत्र के दुकानदारों ने समराला थाने के बाहर मिनी लॉकडाउन का विरोध कर धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। दुकानदारों ने दुकानों की चाबी थाना प्रभारी कुलवंत सिंह को सौंपकर कहा कि आप ही दुकानें खोलें और हमारे परिवार का पालन पोषण करें।
बता दें है कि चार मई को मिनी लॉकडाउन के विरोध में समराला के अलग-अलग एनजीओ की तरफ से धरना लगाया गया था, जिसमें कोविड नियमों का पालन न करने पर पुलिस ने 30-40 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस की कार्रवाई के बाद शुक्रवार को दुकानदारों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो गिरफ्तारी भी देंगे। दुकानदारों ने कुछ समय के लिए चंडीगढ़ हाईवे भी जाम किया। दुकानदारों ने पुलिस पर जबरदस्ती का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने सिर्फ उन दुकानदारों पर मामला दर्ज किया है, जो कांग्रेस के साथ नहीं बल्कि अन्य पार्टी से संबंध रखते हैं। हलका समराला के अकाली दल के पूर्व विधायक जगजीवन सिंह ने भी आरोप लगाया कि पुलिस को जो लिस्ट दी गई थी, उस हिसाब से ही कार्रवाई की गई। यह पूर्व नियोजित था।
इस संबंध में जब हमने थाना प्रभारी कुलवंत सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि यह एक सियासी लड़ाई हो गई है। किसी भी दुकानदार से पक्षपात नहीं किया जा रहा है। चार मई को इन लोगों ने भीड़ इकट्ठी की थी। इसी कारण लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बंद करवाई साप्ताहिक सब्जी मंडी, दुकानदारों में रोष
उधर, जालंधर के प्रताप बाग में लगने वाली साप्ताहिक सब्जी मंडी को हटवाने के लिए थाना डिवीजन-3 की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत मंडी बंद करने के आदेश जारी कर दिए और घोषणा कर दी कि कोई भी व्यक्ति इस तरह दुकान लगाकर सब्जी नहीं बेच सकता। अगर किसी को सब्जी बेचना है तो वह मात्र गली-मोहल्लों में घूमकर ही सब्जी बेच सकता है। इस घोषणा के बाद सब्जी मंडी के दुकानदार इकट्ठा हो गए और मंडी को बंद न करने की जिद पर अड़ गए।
दुकानदारों का कहना है कि शहर में लगभग सभी मंडियां खुली हुई हैं। मकसूदा सब्जी मंडी में सभी फड़ी लग रही हैं और हजारों लोग भी आ रहे हैं। चौगिट्टी के पास लगने वाली मंडी भी शुरू है लेकिन पुलिस अचानक उनकी मंडी बंद करवाने पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यहां पर 150 सब्जी वाले हैं, जिनके पास करीब 20 लाख का माल हैं, अब यह सब्जी लेकर कहां जाएं।
सब्जी विक्रेताओं ने कहा कि पिछले शुक्रवार भी मंडी लगी थी। प्रशासन ने यदि मंडी नहीं लगने देनी है तो उन्हें पहले सूचित किया जाना चाहिए था। मौके पर पहुंचे एसएचओ मुकेश कुमार ने दुकानदारों को समझाया कि कोरोना बहुत फैल रहा है, इसलिए आप सभी प्रशासन की मदद करें। अंत में फैसला हुआ कि सरकारी गाइडलाइन के साथ शुक्रवार को तो मंडी लगेगी लेकिन अगले सप्ताह से यह मंडी बंद रहेगी।