सेना भर्ती की दौड़ में बड़ा चौंकाने वाला परिणाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेना में जाने का जज्बा लेकर आने वाले युवाओं के लिए ये खबर कुठाराघात वाली है। भर्ती दौड़ के काफी चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं। 94 फीसदी युवाओं के सपने दौड़ में टूट गए। हिसार के पुलिस लाइन मैदान में बुधवार से शुरू हुई सेना भर्ती रैली में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी दौड़ में ही फेल हो गए।
पहले दिन भिवानी जिले की चार तहसीलों के 5765 युवाओं ने दौड़ लगाई जिसमें से महज 281 युवा ही सफल हो सके। इसके अलावा एक्सीलेंट आने वाले युवाओं की संख्या भी कम रही। बृहस्पतिवार को भी भिवानी जिले की बची हुई पंचायतों के युवा दौड़ लगाएंगे। वहीं सुबह मौसम सर्द होने के बावजूद भी सेना समय पर दौड़ शुरू कराने में सफल रही।
सेना भर्ती के कारण सेना की पुलिस, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस लाइन के आसपास डेरा जमाया हुआ है। सेना भर्ती रैली चरखीदादरी भर्ती बोर्ड कार्यालय की ओर से आयोजित की जा रही है।
सेना भर्ती रैली के कारण पुलिस लाइन एरिया में मेले जैसा माहौल नजर आ रहा है। देर रात तक युवाओं का बरवाला चुंगी, बस स्टैंड और जिंदल पार्क के आसपास जमावड़ा शुरू हो गया। रात दो बजे तक पुलिस लाइन ग्राउंड पूरी तरह से भर गया।
पुलिस लाइन इलाके में मेले जैसा माहौल
इसके बाद दिनभर युवाओं की रौनक रहती है। इसके अलावा भर्ती का नजारा देखने के लिए आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में पुलिस लाइन के आ रहे हैं।
पुलिस की दो कंपनियां तैनात
पुलिस लाइन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए और शहर में ट्रैफिक सुचारु से चलता रहे, इसके लिए एसपी ने दो कंपनियां और पेट्रोलिंग पार्टियां सहित अन्य पुलिस के जवान लगा रखे हैं। डीएसपी ट्रैफिक देवेंद्र कुमार ने बताया कि सेना भर्ती के लिए पुलिस के करीब 200 जवान लगाए गए हैं। इसके अलावा शहर में नाके लगाए गए हैं।
दलालों पर पैनी नजर
सेना की इंटेलीजेंस की टीम ने दलालों पर पैनी निगाह गड़ा रखी है। टीम के सदस्यों ने बताया कि अभी तक ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। सेना भर्ती अधिकारी योगेश लोहूमी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी बनाया गया है। साथ ही सभी अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंटेशन भी कंप्यूटराइज्ड किया जा रहा है, जिससे आगे किसी भी अभ्यर्थी को कोई परेशानी न हो।
पहली बार इंक का प्रयोग
एआरओ (आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिसर) योगेश लोहूमी ने बताया कि हिसार में होने वाली सेना भर्ती में पहली बार चुनावों में प्रयोग होने वाली इंक का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे कोई भी अभ्यर्थी दूसरी बार भर्ती में प्रवेश न ले सके।
दौड़ते-दौड़ते गिरे, उठे और चले गए
भर्ती रैली में बुधवार को कई युवक दौड़ते-दौड़ते गिर गए, जिन्हें आर्मी इंस्ट्रक्टर ने मैदान से उठाया और उपचार कराया। साथ ही खराब खानपान और नींद पूरी न होने के कारण भी ये समस्या आ रही है। युवाओं को 1600 मीटर की दौड़ छह मिनट में पूरी करनी थी। इसके लिए चार सौ मीटर के चार राउंड काटने थे, लेकिन अधिकांश युवा पहले और दूसरे राउंड में ही बाहर होते चले गए, जबकि कुछ युवाओं ने दौड़ तो पूरी कर ली, लेकिन निर्धारित समय से अधिक लगने के कारण उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
ब्रिगेडियर अमित लूंबा ने बुधवार को पुलिस लाइन में चल रही सेना भर्ती में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को शांतिपूर्वक संपन्न करने के लिए सेना के करीब 160 जवान और अधिकारियों को लगाया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी अधिकारी भर्ती के दौरान किसी भी युवा से सख्ती से पेश न आएं। भर्ती के लिए आने वाले सभी युवा अपने बच्चे हैं। इस दौरान उनके साथ योगेश लहूमी, यजुवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
पहले दिन की दौड़ का गणित
कुल दौड़े...........पास
5765...........281
सोल्जर जीडी
दौडे़...........पास
3597...........177
क्लर्क और एसकेटी
2168...........105