वायरल वीडियो में सिद्धू के बोल: 'कांग्रेस मरती है तो मरे', शिअद ने कहा- इन्हें सिर्फ कुर्सी चाहिए
नवजोत सिंह सिद्धू का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल है। शिअद ने नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधा और कहा कि इन्हें सिर्फ कुर्सी चाहिए। वायरल वीडियो में सिद्ध कह रहे हैं कि अगर मुझे सीएम बनाया होता तो मैं सफलता दिखाता।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नवजोत सिंह सिद्धू नए विवाद में घिर गए हैं। शुक्रवार को वायरल वीडियो में जहां उनका मुख्यमंत्री नहीं बन पाने का दर्द छलका, वहीं उन्होंने कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को लेकर ऐसी बातें कह दीं, जो संभवत: कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री जिस समुदाय से आते हैं, वे बर्दाश्त करेंगे। नवजोत सिंह सिद्धू की टिप्पणी पर शिअद ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
वीडियो में सिद्धू यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि अगर भगवंत सिंह सिद्धू (नवजोत सिद्धू के पिता) के बेटे को सीएम बनाया होता तो दिखाता सफलता। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सिद्धू ये सब बातें परगट सिंह और सुखविंदर सिंह डैनी के साथ बातचीत के दौरान कह रहे हैं।
यह भी पढ़ें- रणजीत सिंह हत्याकांड: राम रहीम बेचैन, सजा से पहले वकील करेंगे मुलाकात, सुनारिया जेल के आसपास बढ़ी सतर्कता
यह वीडियो उस समय का है जब गुरुवार को मोहाली से सिद्धू के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों, मंत्रियों के काफिले को लखीमपुर खीरी रवाना करने के लिए मुख्यमंत्री चन्नी को हरी झंडी दिखानी थी लेकिन कुछ देर उनका इंतजार करने के बाद सिद्धू ने यात्रा शुरू कर दी। ऐसे मौके पर चन्नी का इंतजार करना सिद्धू को नागवार गुजरा। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री चन्नी पर भी हमला बोल दिया और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि यही हाल रहा तो 2022 के चुनाव में कांग्रेस की लुटिया डूबोएगा। हालांकि चन्नी मोहाली पहुंचकर सिद्धू के साथ ट्राली पर सवार भी हुए।
इसी वीडियो में इन बयानों से पहले, काफिले की ट्राली पर सवार नवजोत सिद्धू किसी मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला को यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि कांग्रेस मरती है तो मरे। प्रदेश प्रधान पद से अपना इस्तीफा सौंप चुके सिद्धू ने लखीमपुर कूच के साथ भले ही यह साबित करने का प्रयास किया कि वह प्रधान के रूप में अपना कार्यकाल जारी रखना चाहते हैं लेकिन ताजा वीडियो ने साफ कर दिया है कि सिद्धू पार्टी के फैसलों से खुश नहीं हैं। उनका एकमात्र लक्ष्य राज्य का शीर्ष पद हासिल करना है, जिसके लिए भले ही पार्टी को नुकसान पहुंचे या पार्टी की सरकार को।
साबित हो गया, सिद्धू को सिर्फ कुर्सी चाहिए: शिअद
सिद्धू के वायरल वीडियो को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने निशाने पर ले लिया है। पार्टी के सीनियर उपाध्यक्ष डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रधान ने साबित कर दिया कि वह एससी वर्ग और मुख्यमंत्री चन्नी का कितना सम्मान करते हैं। सिद्धू की बातों से साफ हो गया है कि वह एससी वर्ग से मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर कितने नाराज हैं।
चीमा ने कहा कि सिद्धू ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी डूबता जहाज है और मौजूदा लीडरशिप की अगुवाई में पंजाब में कांग्रेस को कोई भविष्य नहीं है। चीमा ने कहा कि सिद्धू ने अब यह साबित कर दिया है कि उन्हें किसानों या उनके मामलों से कुछ लेना-देना नहीं बल्कि वह केवल प्रदेश की शीर्ष कुर्सी हासिल करने के लिए शह-मात के खेल में व्यस्त हैं। ऐसे व्यक्ति जो सिर्फ अपनी इच्छाओं की पूर्ति चाहते हैं, वे किसी भी तरीके से लोगों की भलाई के लिए काम नहीं कर सकते। चीमा ने कहा कि सिद्धू अब बेनकाब हो गए हैं और कांग्रेस प्रधान सोनिया गांधी पंजाबियों को बताएं कि उन्होंने एससी वर्ग का मुख्यमंत्री बनाकर लोगों को मूर्ख बनाने का प्रयास क्यों किया।