राहत, जहां बैंक नहीं वहां ऐसे मिलेगी पेंशन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कविता जैन ने कहा है कि प्रदेश में बुढ़ापा पेंशन की राशि बैंकों के जरिए बांटने का काम चल रहा है। लाभपात्रों की सुविधा के लिए चेक बुक और एटीएम सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिन गांवों में बैंक या बैंकों के क्योस्क नहीं हैं और जहां बुजुर्ग बैंकों में जाने में असमर्थ हैं, वहां पुरानी व्यवस्था से सरपंचों के जरिए पेंशन की राशि वितरित की जा रही है।
कविता जैन ने यह बात हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन सदन में प्रश्न काल के दौरान कांग्रेस की किरण चौधरी द्वारा पूछे गए सवाल पर कही।
किरण चौधरी के प्रश्न का जवाब देते हुए कविता जैन ने कहा कि पूरे प्रदेश में 31 जनवरी, 2015 तक बुढ़ापा पेंशन पाने वालों की संख्या 13,90,486 है, जबकि तोशाम विधानसभा क्षेत्र में यह संख्या 17367 है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने सदन को बताया कि भारतीय बैंकिंग नियमानुसार बुजुर्गों को घरद्वार पर भी लाभ राशि उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, सहकारी बैंकों, डाकघरों और अन्य केंद्रीय बैंकों के माध्यम से पेंशन वितरित की जायेगी और लाभ पात्रों को खाते खुलवाने के लिए कहा गया है।
किरण चौधरी ने उठाया था बुढ़ापा पेंशन का मुद्दा
किरण चौधरी ने पेंशन के लिए बुजुर्गों के आयु प्रमाण पत्र अनिवार्य किए जाने पर आपत्ति दर्ज करते हुए सदन में कहा कि गांव में ज्यादातर बुजुर्गों को अपनी जन्म तारीख भी नहीं पता होती, वे आयु प्रमाण पत्र कहां से देंगे, इस पर कविता जैन ने कहा कि बुजुर्गों के आयु प्रमाण के रूप में मतदाता पहचान पत्र को एक दस्तावेज माना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन लाभपात्रों के बैंक खातों व पहचान पत्र में नाम आदि की गड़बड़ी है, वे संबंधित जिला समाज कल्याण अधिकारियों से संपर्क कर इसे ठीक करवा सकते हैं।
लाभपात्रों को विभाग द्वारा यूनिक आईडी नंबर दिया जाता है, जिसे वे अपनी पेंशन या किसी अन्य जानकारी के लिए उपयोग में ला सकते हैं। चर्चा में इनेलो के जसविंदर सिंह संधू, परमेन्द्र ढूल, भाजपा के टेक चंद शर्मा व अन्य सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।