मजदूर की मौत पर राजपुरा में बवाल, पीसीआर बाइक फूंकी, एएसआई हुआ घायल
अनाज आढ़ती की दुकान पर कार्य करने वाले मजदूर की अचानक मौत होने पर बुधवार सुबह कुछ प्रवासी मजदूरों ने जमकर बवाल किया। मजदूर की लाश को आढ़ती की दुकान के बाहर रखने के बाद राजपुरा पटियाला रोड पर पहुंच जाम लगा कर रोष प्रदर्शन किया और हाथ में लोहे की रॉड, लाठियां आदि व ईट पत्थर लोगों पर बरसाने लगे।
मौके पर पहुंचे एएसआई को प्रवासी मजदूरों ने घेर लिया और मारपीट करते हुए पीसीआर बाइक को आग लगा दी। स्थिति गम्भीर होते देख एसडीएम राजपुरा शिव कुमार, डीएसपी राजपुरा, डीएसपी घनौर, पटियाला से एसपीडी हरजीत सिह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और अनाज मंडी के प्रधान हरदीप सिंह लाडा व अन्य सदस्यों को साथ लेकर मामले को शांत कर परिवार वालों को समझा कर मृतक के अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया।
एसपीडी पटियाला हरजीत सिंह ने बताया कि राजू नामक प्रवासी मजदूर अनाज मंडी में सांईदास कृष्ण कुमार की दुकान पर कार्य करता था। मंगलवार की सुबह लगभग 10 बजे उसकी तबीयत खराब हो गई। इस पर परिवार के सदस्य उसे रजिंदरा अस्पताल और बाद में चंडीगढ़ के सेक्टर 32 अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। देर शाम परिजन शव राजपुरा ले आए और एक शेड के नीचे रख कर सुबह संस्कार करने की बात करने लगे।
सुबह उन्होंने एसोसिएशन के प्रधान हरदीप लाडा से अंतिम संस्कार के लिए रुपये देने की मांग की। इस पर उन्होंने रुपये दिलवाने का विश्वास दिलाया। इस बीच मृतक के कुछ रिश्तेदार व अन्य सहयोगियों ने लाश को उठा कर आढ़ती दुकान के बाहर रख दिया। देखते ही देखते लोगों ने जीटी रोड को जाम कर वहां से गुजरने वाले लोगों पर लाठियां, पत्थर, लोहे की राडों आदि से हमला कर दिया।
इस बीच मौके पर पहुंचे पीसीआर के एएसआई हरविंदर सिंह ने उन्हें समझाने की कोशिश की। इस पर प्रदर्शनकारियों ने एएसआई को घेर कर मारपीट करते हुए तेजधार हथियार से घायल दिया और उसकी बाइक में आग लगा दी। वह गुजर रहे विपुल बब्बर नामक युवक ने पुलिस मुलाजिम को बचाने की कोशिश की तो उसे भी घायल कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर भारी पुलिस फोर्स के साथ डीएसपी राजपुरा एएस औलख व डीएसपी घनौर मनप्रीत सिंह के आने के बाद प्रदर्शन करने वाले मौके से भाग गए। पुलिस ने आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान हरदीप सिंह लाडा, हरी चंद फौजी, मेजर सिंह व अन्य के साथ मिल कर मामले को शांत किया और मृतक के परिवार वालों ने लाश को लेकर अंतिम सस्कार के लिये भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों बताया कि पीड़ित लोगों के बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आढ़ती एसोसिएशन के चेयरमैन ओमप्रकाश भटेजा ने भी प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की ताकि फिर से कोई इस तरह की शरारत न कर सके।
पीसीआर टीम को पीटा, नौ खिलाफ केस दर्ज
तरनतारन के गली जंडपीर वाली के पास ड्यूटी पर तैनात पीसीआर की टीम के साथ कुछ लोगों ने हाथापाई की। इस दौरान एक कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने भगवान वाल्मीकि संगठन के नेता शाम सिंह मुरादपुरा समेत नौ के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीसीआर टीम नंबर 5 पर सिपाही गुरभेज सिंह ने बताया कि ड्यूटी के दौरान उसने मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को रोका।
बाइक सवार ने अपना नाम कुलदीप सिंह बताया। पीछे बैठे युवक ने बहस शुरू कर दी और फोन कर कुछ लोगों को मौके पर आने लिए कहा। इतने में भगवान वाल्मीकि संगठन के नेता शाम सिंह मुरादपुरा अपने छह साथियों समेत वहां पहुंचा। आते ही आरोपियों ने सिपाही हरजिंदर सिंह को गालियां देना शुरू कर दी और हरजिंदर सिंह की वर्दी भी फाड़ दी।
घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर गुरचरन सिंह, पुलिस चौकी बस अड्डा इंचार्ज मंजीत सिंह वहां पहुंचे। इतने में आरोपी फरार हो गए। सिपाही हरजिंदर सिंह के बयान पर शाम सिंह मुरादपुरा, कुलदीप सिंह और उनके सात अज्ञात साथियों के खिलाफ थाना सिटी में केस दर्ज किया है।