'मोदी चाय बेचते थे और मैं दूध...'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नरेंद्र भाई मोदी चाय बेचते थे, कड़ी तपस्या और देश की जनता के आशीर्वाद ने उन्हें भारत का प्रधानमंत्री बनाया। मैं दूध बेचता था...। आज मेरी छाती भी मोदी की तरह 56 इंच की हो गई है।
लोकसभा में भी गरीबों की चली और विधानसभा में भी गरीबों की ही सरकार बनेगी। आने वाला समय गरीबों और जमीन से जुड़े नेताओं का है, प्रापर्टी डीलरों का नहीं।
यह शब्द भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने महेंद्रगढ़ स्थित आजाद चौक पर आयोजित सम्मान समारोह में कही। इससे पहले, वे गांव बुच्चावास से लेकर महेंद्रगढ़ तक रोड शो करते हुए हजारों समर्थकों के साथ यहां पहुंचे।
टिकट मिलने के बाद की जन रैली
टिकट मिलने के बाद पहली बार अपनी जन्म और कर्म भूमि के लोगों बीच पहुंचे रामबिलास आत्मविश्वास से लबरेज दिखे। बातों बातों में उन्होंने अपनी सीएम पद की दावेदारी की तरफ भी इशारा किया, साथ ही टिकट वितरण में उन पर (रामबिलास) लगे आरोपों का जवाब भी दिया।
शर्मा ने कहा कि, कांग्रेस नेता उनका उपहास उड़ाते हैं कि रामबिलास शर्मा दूध बेचता था, भरी जनसभा में उन्होंने कहा कि हां, मैं दूध बेचता था, इसमें क्या गलत है। हमने किसी के घर डाका नहीं डाला, लूट नही मचाई, किसानों की जमीन नहीं दबाई।
खुद के सीएम की रेस में होने का आभास कराते हुए उन्होंने जनता से ही पूछा, जब चाय बेचने वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है तो दूध बेचने वाला कुछ नहीं बन सकता क्या?
शर्मा ने प्रदेश के सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व महेंद्रगढ़ से कांग्रेस के विधायक दान सिंह को प्रापर्टी डीलर कहते हुए कहा इस बार ऐसे लोगों दुकान नहीं चलेगी।
अपने पौने घंटे के भाषण में उन्होंने जन्मभूमि के लोगों को न केवल कई बार नमन किया, बल्कि बार-बार कार्यकर्ताओं द्वारा पहनाई गई पगड़ी की लाज रखने का भी आह्वान किया।
इस दौरान दर्जनों बार समर्थकों ने सीएम सिटी महेंद्रगढ़ के नारे लगाए। इससे पहले, आतिशबाजी व ढोल ठमाकों के साथ शर्मा का स्वागत किया गया।
पैसे का खेल कांग्रेस में, भाजपा में नहीं
भाषण में शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार, इनेलो व हजकां पर जमकर तीर छोड़े। टिकट वितरण पर शर्मा पर लगे पैसे लेने के आरोपों का स्पष्टीकरण देते हुए उन्होंने कहा कि न केवल राजनीति के विशेषज्ञ बल्कि विरोधी दल भी भाजपा की पहली सूची को मजबूत करार दे रहे हैं। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं और काडर के नेताओं को टिकट दी है, खरीद फरोख्त भाजपा में नहीं कांग्रेस में होती है।
प्रदेश को बिजली क्या देंगे, कांग्रेस का ही कंरट खत्म हो गया
पार्टी हाईकमान की थपथपी व टिकट वितरण में अपनी चलाने के बाद शर्मा बृहस्पतिवार को अलग अंदाज में दिखे। हमेशा गंभीर व शांत दिखने वाले शर्मा ने हंसगुल्ले भी छोड़े। बिजली व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हुड्डा सरकार दस साल में प्रदेश को पर्याप्त बिजली नहीं दे पाई, अब हालात यह हैं कि खुद कांग्रेस की बिजली (करंट) समाप्त हो गया है।
फिल्मी स्टाइल... तेरा क्या होगा कालिया
हजारों समर्थकों भीड़ को देखकर गद्गद् हुए शर्मा ने महेंद्रगढ़ के ही एक नेता लिए बिना फिल्मी डायलाग मारा, तेरा क्या होगा रे, कालिया। शर्मा के इन बोलों ने जनता ने भी खूब तालियां बटोरी। महेंद्रगढ़ की सड़कों में पड़े गड्ढों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेसी इन सड़कों के गड्ढों में ही धसेंगे।
सीएम ही नहीं बनोगे तो मंच पर कैसे बैठोगे
कैथल में मोदी की रैली में हुई हुड्डा हुटिंग पर हमला बोलते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यह हुड्डा के दस साल के पापों के खिलाफ बगावत है।
चेतावनी देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि हु्ड्डा साहब, आपने कहा था कि आगे से पीएम के मंच पर कोई मुख्यमंत्री नहीं बैठेगा, इस चुनाव में जनता यह तमन्ना भी आपकी पूरी करेगी।
इस बार सीएम ही नहीं बनोगे पीएम के मंच पर कैसे बैठोगे। शर्मा ने दावा किया कि भारत को ही कांग्रेस मुक्त कर देंगे और कोई मुख्यमंत्री कांग्रेस का नहीं रहेगा।
साजिश का संकेत भी दिया
प्रदेशाध्यक्ष ने विधानसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी, राम राज्य के नाम पर मांगे वोट। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पहला काम कांग्रेस द्वारा किसानों से हथियाई गई 72 हजार एकड़ जमीन को वापस कराने का करेंगे। शर्मा ने दावा किया कि कुलदीप बिश्नोई, विनोद शर्मा व भूपेंद्र सिंह हुड्डा एक हो चुके हैं।
अनुमान है कि ढाई ढाई साल के सपने देख रहे हैं। शर्मा ने आशंका जाहिर कि सभी मिलकर उनके (मेरे) खिलाफ कोई षड़यंत्र भी रच सकते हैं, लेकिन मुझे महेंद्रगढ़ की जनता पर विश्वास है। बोले, राम राजी, जनता राजी, तो क्या करेगा काजी।