रामबिलास शर्मा से अमर उजाला की खास बातचीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भगवान राम ने 14 साल का वनवास काटा था और मैंने 15 साल का काटा है। वनवास के बाद राम को भी जनता की सेवा के लिए राज मिला था और सेवा के लिए जनता ने भाजपा को मौका दिया है। अब राजतिलक का समय है।
भाजपा भी सेवा को तैयार है और अब प्रदेश में रामराज्य की स्थापना की जाएगा। यह बातें भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने जीत के बाद कहीं। जीत से उत्साहित रामबिलास शर्मा ने अमर उजाला के साथ खास बातचीत की। प्रस्तुत हैं उनसे बातचीत के मुख्य अंश-
जीत पर ऐसा बोले रामबिलास
यह मेरी नहीं अहीरवाल की जीत है। पीएम नरेंद्र मोदी और उसके कामों की जीत है। मुझे 36 बिरादरी के लोगों ने वोट दिए, तहेदिल से उनको बधाई।
आपकी अध्यक्षता में भाजपा पहली बार प्रदेश में सरकार बना रही है?
मेरा नेतृत्व नहीं, नरेंद्र मोदी और अमित शाह का नेतृत्व रहा। मेरा सौभाग्य है कि लोकसभा में भी मेरे प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला।
आपको हराने के लिए कई दलों ने कई चालें चलीं, क्या कहेंगे?
ये अहीरवाल की धरती है, साजिशों को अच्छी तरह से समझती है। यहां के लोगों ने सभी विरोधियों और साजिश करने वालों को करारा जवाब दिया।
तीन बार हारने के बाद भी आपने महेंद्रगढ़ ही क्यों चुना?
मेरी काशी है मेरा मंदिर और मेरा गुरुद्वारा यही है। मेरे लिए इस धरती से बड़ा कोई नहीं है। इसी बालू रेत में लेट मारता रहा और आज जनता ने जिता दिया।
सीएम पद की दावेदारी पर बोले रामबिलास
सीएम कौन बनेगा? क्या आप दौड़ में हैं?
यह फैसला भाजपा हाईकमान करेगी, अगर कोई जिम्मेदारी मिलती है तो मैं हर जिम्मेदारी उठाने को तैयार हूं। इसके लिए विधायकों की सलाह ली जाएगी।
अगर आप सीएम बनते हैं तो पहला काम क्या करेंगे?
भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहला काम किसानों की अधिग्रहीत की गई भूमि को लेकर जांच बैठाएंगे और किसानों को न्याय दिलाएंगे। भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होगी।
दक्षिण हरियाणा के लिए क्या करेंगे?
कांग्रेस सरकार ने दक्षिण हरियाणा के साथ भेदभाव किया है, इसलिए यह काफी पिछड़ गया है। सबसे पहले यहां पर नहरी पानी लाएंगे और विकास का खाका तैयार करेंगे।
प्रदेशभर के चुनाव परिणामों पर क्या कहेंगे?
लोगों ने विकास के झूठे दावे करने वालों की की मरोड़ जनता ने निकाल दी है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, ओमप्रकाश चौटाला व कुलदीप बिश्नोई को गंभीर मंथन की जरूरत है।
रामबिलास के लिए चुनौतियां भी कम नहीं
बेशक रामबिलास शर्मा सीएम पद का नारा देकर अहीरवाल में जीत दर्ज कर गए हों, लेकिन अभी उनके सामने काफी चुनौतियां हैं। सबसे पहले मुद्दा नहरी पानी का है और दूसरा विकास का। दोनों ही कार्य इतने आसान और इतनी जल्दी होने वाले नहीं हैं।
तीसरा, यहां के युवकों रोजगार उपलब्ध कराना और यहां पर उद्योग स्थापित कराना है। दक्षिण हरियाणा में विकास के मामले में दूसरे जिलों के बराबर लाना भी इतना आसान कार्य नहीं है। अहीरवाल को शर्मा से काफी उम्मीदें हैं, देखना यह कि वे इस पर खरे उतरते हैं या नहीं।