राहुल गांधी के आक्रामक तेवर, बोले- 2019 में मोदी-बीजेपी दोनों को दिल्ली से बाहर कर देंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा व मोदी को दिल्ली से बाहर कर देगी। चुनाव में बीजेपी न केवल हारेगी बल्कि उसे उसकी असली जगह दिखाई जाएगी।’ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को मोहाली में मोदी सरकार को रोजगार, भ्रष्टाचार, किसानों और मीडिया पर बनाए जा रहे दबाव के मुद्दे पर घेरा।
राहुल सेक्टर-78 स्थित खेल स्टेडियम में एक समाचार पत्र के रीलांच मौके पहुंचे थे। चौदह मिनट के भाषण में राहुल के निशाने पर बीजेपी और आरएसएस ही रहे।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार के विजन में जो हिंदुस्तान है, उसमें किसानों की कोई जगह नहीं है। उनका मानना है कि मेक इन इंडिया से काम चल जाएगा। लेकिन ऐसा है नहीं। सदी चाहे 21वीं हो या 20वीं, किसानों के बिना यह देश आगे नहीं बढ़ सकता।
राहुल ने कहा कि हम जनता की बात सुनते हैं, इसलिए हमें देश के मुद्दे पता चल जाते हैं। मोदी पंद्रह अगस्त को भाषण देते हैं, मेरे आने से पहले हाथी सो रहा था। देश में कुछ नहीं हुआ। यह भाषण मोदी की सोच को सामने लाता है।
राहुल ने कहा कि आज देश भर के संस्थानों पर हमला किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के जज कह रहे हैं, हमें काम नहीं करने दिया जा रहा। आर्मी के एक जनरल ने अभी कहा है कि आर्मी का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। मोदी सरकार के रवैये की पोल खोलने के लिए यह काफी है।
रोजगार देने में इंडिया से आगे चाइना
राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान की सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रही है चीन की सरकार चौबीस घंटे पचास हजार युवाओं को नौकरी देती है। जबकि मोदी सरकार साढ़े चार सौ लोगों को रोजगार देती है।
समागम जब शुरू हुआ तो मंच संचालक पंजाबी कलाकार सतिंदर सत्ती ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लोगों से फख्र ए सिख कौम कहकर रूबरू करवाया। वहीं, कांग्रेस के पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ ने उन्हें फख्र ए हिंद कहकर संबोधित किया। इसके बाद राहुल गांधी ने उन्हें फख्र ए संसार बताया।
अब प्रेस पर भी बनाया जा रहा दबाव
राहुल गांधी ने कहा कि प्रेस को टाइगर कहा जाता है। वह बड़े से बड़े लोगों को अपनी जगह दिखा देता है। लेकिन अब प्रेस को दबाया जा रहा है। अखबारों के प्रथम पेज पर शादियों, क्रिकेट, बॉलीवुड के बारे में खबरें लग रही हैं। किसानों की हालत या युवाओं व भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को जगह नहीं मिलती है। देश ही नहीं बल्कि दुनिया में ताकतवर लोग जो दिखाना चाहते हैं, मीडिया को वही दिखाना पड़ रहा है।
राहुल ने मनमोहन सिंह को फख्र ए संसार बताया
हम अपनी गलतियों से भी सीखते हैं
उन्होंने कहा कि हम आरएसएस या बीजेपी वाले नहीं हैं। हम गलतियां करते हैं और आलोचनाओं से सीखते हैं। उन्होंने कहा कि अखबार भी हमें कमियां बताएं ताकि हमें आगे बढ़ने में सफलता मिले।
कैप्टन का हाल जानने पहुंचे राहुल और मनमोहन
राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से उनके आवास पर पहुंचकर मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। कैप्टन बीते कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं और रविवार को पीजीआई के डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है।
राहुल गांधी और डा. मनमोहन सिंह सोमवार को मोहाली में एसोसिएटेड जनरल लिमिटेड के हिंदी अखबार के पुन: लोकार्पण के मौके पर पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस के नेता और पंजाब सरकार के मंत्रियों ने शिरकत की, लेकिन बीमार होने के कारण कैप्टन इस कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इसके चलते, कार्यक्रम के बाद दिल्ली लौटने से पहले राहुल गांधी और डा. मनमोहन सिंह चंडीगढ़ में कैप्टन अमरिंदर सिंह के आवास पर पहुंचे और उनसे मिलकर हालचाल जाना। दोनों नेता मुख्यमंत्री आवास पर करीब दस मिनट रुके और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए।