नवजोत सिद्धू ने भरा नामांकन: एनआरआई बहन के आरोपों पर बोले- घटिया राजनीति के लिए मेरी मां को कब्र से निकाल लाए
नामांकन भरने के बाद नवजोत सिद्धू ने कहा कि यदि बिक्रम सिंह मजीठिया में हिम्मत है तो मजीठा छोड़ दें और केवल अमृतसर पूर्वी से चुनाव लड़ें। सिद्धू ने कहा कि मैं लोकतंत्र को दंडतंत्र में नहीं बदलना चाहता। इस शहर का कांग्रेस में विश्वास था, है और रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने शनिवार को अमृतसर पूर्वी सीट से अपना नामांकन भरा। इस दौरान सिद्धू ने अपनी एनआरआई बहन सुमन तूर के बयान को विरोधियों की ओछी हरकत बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग घटिया राजनीति करने के लिए उनकी मां को कब्र से बाहर निकाल लाए हैं। सिद्धू शनिवार सुबह अमृतसर ईस्ट विधानसभा हलके से नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए जिला प्रबंधकीय कांपलेक्स में रिटर्निंग अधिकारी के सामने पहुंचे थे। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद सिद्धू ने मीडिया से बात की।
सिद्धू अपनी मां को कीचड़ में नहीं गिराएगा
सिद्धू ने अपनी बहन सुमन तूर के बयान का जवाब देते हुए कहा कि वह इतनी घटिया हरकत नहीं कर सकता। मगर उनकी बहन का बयान उनके विरोधियों की घटिया राजनीति का सबूत है। सिद्द्धू कभी इतना नहीं गिर सकता और न ही अपनी मां को कीचड़ में गिराएगा। अब सुमन के आरोपों का विरोधियों को जवाब देने के लिए 40 साल पहले गुजर चुकी अपनी मां को दोबारा नहीं ला सकते।उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को सब पता है और चुनावों में लोग इस तरह की घटिया राजनीतिक हरकत का जवाब देंगे। उन्होंने मीडिया के सामने बिक्रम मजीठिया, सुखबीर बादल और कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अकाली दल अपनी नीतियों के चलते पिछले विधानसभा चुनावों में 12 सीटों पर सिमट गई थी। लेकिन इस बार उन्हें इतनी सीटों पर भी जीत नहीं मिलने वाली। पंजाब के लोग जानते हैं कि शिअद ने गुंडागर्दी की। अकाली नेताओं ने पहले लड़की को छेड़ा और जब लड़की के बचाव को उसका एएसआई पिता सामने आया तो उसकी गोलियां मार कर हत्या कर दी।
मजीठिया को दी चुनौती
सिद्धू ने बिक्रम मजीठिया को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे इतने ही पाक साफ हैं तो उनके सामने सिर्फ एक सीट से ही चुनाव लड़ कर दिखाएं। अगर ईस्ट हलके से अपनी जीत के लिए मजीठिया पक्का है, तो उसे मजीठा विधानसभा हलका से अपना नामांकन वापस ले लेना चाहिए। सुखबीर बादल ने अपने रिश्तेदार बिक्रम मजीठिया को आगे लाने के लिए शिअद के पुराने टकसाली नेताओं को खुड्डेलाइन कर दिया। मजीठिया ने नशा बिकवाया और खुलकर गुंडागर्दी की। वहीं दूसरी तरफ नवजोत सिद्धू की पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि वह सुमन तूर को नहीं जानती।चौथे दिन दाखिल हुए 317 नामांकन पत्र
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. एस. करुणा राजू ने शुक्रवार को बताया कि एनकोर सॉफ्टवेयर पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चौथे दिन राज्य में केवल 317 नामांकन ही दाखिल हुए हैं। नामांकन के तीन दिनों के दौरान 302 नामांकन दाखिल होने के साथ, अब तक राज्य में दाखिल हुए नामांकन की कुल संख्या 619 हो गई है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 1 फरवरी 2022 है। रविवार 30 जनवरी, 2022 को अवकाश होने के कारण इस दिन नामांकन पत्र नहीं प्राप्त किए जाएंगे।
भगवंत मान ने भी भरा नामांकन
वहीं आम आदमी पार्टी के सीएम पद उम्मीदवार भगवंत मान ने धुरी से अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर मान के साथ उनकी माता हरपाल कौर उपस्थित थीं। नामांकन दाखिल करने जाने से पहले भगवंत मान ने अपनी माता से आशीर्वाद लिया। उनकी माता ने मुंह मीठा करवाकर उन्हें आशीर्वाद दिया। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भी भगवंत मान को नामांकन के लिए शुभकामनाएं दीं और रिकार्ड तोड़ वोटों से जीत हासिल करने की कामना की। उल्लेखनीय है कि भगवंत मान मौजूदा समय में लोकसभा हलका संगरूर से आम आदमी पार्टी के एकमात्र सांसद हैं और पार्टी के प्रदेश प्रधान भी हैं।
विधानसभा हलका धूरी के चुनाव अधिकारी के दफ्तर में नामांकन फार्म भरने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा कि हलका धूरी के लोगों ने हमेशा उनके सिर पर हाथ रखा है। जैसे वह पहले प्यार देते रहे हैं, इसी तरह अब भी सहयोग करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि लोग आम आदमी पार्टी को वोट देकर सबसे अधिक वोटों के अंतर से जिताएंगे। बाद में भगवंत मान ने ट्वीट पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि नामांकन फार्म भरते समय सतगुरु जी की कृपा और माता जी का आशीर्वाद लिया। देश के महान शहीदों और बाबा साहिब जी के सपनों का पंजाब बनाने की सोच ध्यान में रखते हुए धूरी में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान भगवंत मान के साथ आप नेता अशोक कुमार सिंगला (लक्खा), दलबीर सिंह ढिल्लों उपस्थित थे।
जनता के सामने रखूंगा सांसद के तौर पर काम और खर्च का ब्योरा : मान
मान ने कहा कि आने वाले दिनों में वह लोकसभा सदस्य के तौर पर किए काम, खर्च किए पैसे और संसद में किए काम का हिसाब लोगों की कचहरी में रखेंगे, ताकि सबको पता लग सके कि एमपी कोटे से धूरी में कितने पैसे लगे हैं। विरोधियों को निशाने पर लेते हुए मान ने कहा कि विरोधियों का काम ही दोष लगाना होता है।
इसके अलावा जालंधर सेंट्रल से बीजेपी के प्रत्याशी मनोरंजन कालिया ने भी शनिवार को अपना नामांकन पत्र भरा। रायकोट से कांग्रेस प्रत्याशी कामिल अमर सिंह बोपाराय ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके सांसद पिता डॉ. अमर सिंह बोपाराय और पत्नी कीरत कौर भी उनके साथ मौजूद रहे। पठानकोट से विधायक और कांग्रेसी उम्मीदवार अमित विज ने भी शनिवार को नामांकन भरा।