पंजाब: सीएम चन्नी बोले- शिअद-भाजपा के बीच अंदरखाते सांठगाठ, भगवंत मान व अमरिंदर सिंह के बीच दो घंटे का फर्क बताया
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी व शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधा। उन्होंने यह भी कहा कि आप नेता भगवंत मान व कैप्टन अमरिंदर सिंह में दो घंटे का ही फर्क है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने कहा कि लोगों को दिखाने के लिए अकाली-भाजपा गठजोड़ टूटा हुआ है लेकिन अकाली दल व भाजपा की अंदरखाते सांठगांठ है और बसपा कार्यकर्ताओं को अकाली दल शिकार बना रहा है, जिन्हें सियासी तौर पर खत्म किया जा रहा है। वे बुधवार को फगवाड़ा में कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बसपा संस्थापक कांशीराम के सपनों के उलट पंजाब में बसपा काम कर रही है।
मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि पंजाब में अनुसूचित जाति वर्ग 35 फीसदी होने के बावजूद अकाली दल ने बसपा को सिर्फ 20 सीटें दी हैं। चन्नी ने कहा कि अभी उनको सिर्फ 111 दिन ही काम के लिए मिले है और उन्होंने तन-मन से काम किया है। आप कहती है कि कांग्रेस सरकार भी देख ली, अकाली भी देख ली, अब मुझे मौका दो लेकिन मैं कहता हूं कि मुझे तो सिर्फ 111 दिन मिले हैं, पूरे पांच साल देकर देखों, पंजाब का नक्शा बदल देंगे।
चन्नी ने कहा कि दिल्ली के सीएम ने तो विज्ञापनों पर ही 400 करोड़ रुपये खर्च कर डाले। इससे आम आदमी का क्या भला होगा? कैप्टन अमरिंदर सिंह व आप के भगवंत मान में दो घंटे का ही फर्क है। कैप्टन शाम 4 बजे ही शटर नीचे कर कहते हैं अभी तो पार्टी शुरू हुई है, जबकि भगवंत मान उनके दो घंटे बाद शाम छह बजे शटर डाउन कर देते हैं।
उन्होंने कहा कि 111 दिन में लोगों के लिए 22-22 घंटे तक काम किया है। संसद में भगवंत मान के तो साथी सांसद ने ही लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर अपनी सीट मान से बदलने की प्रार्थना की, क्योंकि मान से शराब की दुर्गंध आती थी। मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने कहा कि 111 दिन के कार्यकाल में न वो खुद सोए और न किसी अधिकारी को सोने दिया। कोई भी कभी उन्हें मिल सकता था।
सीएम ने कहा कि मेरी सरकार ने बिजली बिलों का 1500 करोड़ रुपये का बकाया माफ किया, पानी के 1200 करोड़ रुपये को माफ किया गया है। पेट्रोल की कीमतें 10 रुपये कम किया। बिजली के रेट में सात किलो वाट वाले कनेक्शन में तीन रुपये प्रति यूनिट माफ कर लोगों को राहत दी। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी बलविंदर सिंह धालीवाल व पूर्व आईएएस अधिकारी ने कहा कि वह अपनी नौकरी छोड़कर लोगों की सेवा के लिए राजनीति में आए हैं। पिछले कार्यकाल में बेशक उन्हें बहुत कम समय मिला और बहुतायत समय कोरोना में गुजर गया फिर भी उन्होंने विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
नदारद रहा धालीवाल विरोधी धड़ा
कांग्रेस उम्मीदवार बलविंदर सिंह धालीवाल के विरोध में खड़ा और फगवाड़ा से उम्मीदवार बदलने की मांग करने वाले फगवाड़ा बचाओ मंच, जिसकी अगुवाई जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष दलजीत सिंह राजू, वरिष्ठ कांग्रेसी हरजीत सिंह परमार, सतबीर सिंह साहबी के सभी सदस्य गैर हाजिर रहे। मुख्यमंत्री चन्नी का दौरा भी उनको एक करने में नाकामयाब रहा। जो आने वाले दिनों में धालीवाल के लिए मुश्किल खड़ा कर सकता है। उनका विरोध दिन प्रतिदिन तीखा होता जा रहा है।