पलटवार: मनोहर लाल के बयान पर भड़के कैप्टन अमरिंदर, कहा- किसानों के आक्रोश के लिए भाजपा जिम्मेदार
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल का लेखा जोखा पेश करते हुए किसान आंदोलन के लिए पंजाब सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने साफ कहा कि किसान आंदोलन, हिंसा के पीछे पंजाब सरकार के लोगों का हाथ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि किसानों में बढ़े आक्रोश और बेचैनी के लिए पंजाब नहीं, बल्कि भाजपा सीधे तौर पर जिम्मेदार है। कैप्टन ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के आरोप की निंदा की है और मनोहर लाल करनाल में किसानों पर हुए हमले से खुद का बचाव कर रहे हैं। कैप्टन ने यह प्रतिक्रिया मनोहर लाल और दुष्यंत चौटाला द्वारा कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के पीछे पंजाब का हाथ होने के आरोपों के संदर्भ में कही।
कैप्टन ने कहा कि मनोहर लाल की टिप्पणियों ने हरियाणा सरकार के किसान विरोधी एजेंडे का पर्दाफाश कर दिया है। कैप्टन ने मनोहर लाल और उनके उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को याद दिलाया कि भाजपा की बैठक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे जिन किसानों पर लाठीचार्ज करवाया गया, वह पंजाब नहीं, हरियाणा के किसान थे।
किसानों की नाराजगी के लिए सीधे तौर पर भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कैप्टन ने कहा कि संकट इस हद तक गहराया ना होता, यदि हरियाणा के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत भाजपा द्वारा शांतिपूर्ण किसानों पर घृणित हमले के बाद शर्मनाक ढंग से झूठ बोलने के बजाय किसानों की चिंताओं पर ध्यान दिया गया होता।
उन्होंने मनोहर लाल के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि किसानों द्वारा राज्य की अमन-शांति में गड़बड़ी पैदा किए जाने के बाद ही हरियाणा पुलिस ने बल का प्रयोग किया था। उन्होंने कहा कि एसडीएम द्वारा किसानों पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस कर्मचारियों को स्पष्ट हिदायत देने का वायरल वीडियो ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के झूठ से पर्दा उठा दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने पूछा कि एसडीएम यह बात किस तरह जानता है कि किसानों का इरादा पत्थर आदि फेंकने का है, जैसे कि मनोहर ने दावा किया है।
पंजाब को जिम्मेदार ठहराने के बजाय कृषि कानून रद्द करें: कैप्टन
कैप्टन ने कहा कि कृषि क्षेत्र में भाजपा द्वारा पैदा की गई गड़बड़ी के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराने के बजाय कृषि कानून रद्द किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि अलग-अलग राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों और इसके बाद अन्य चुनावों के दौरान भाजपा को अपने गुनाहों की कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा किसानों के आंदोलन को जबरन खत्म करने की बार-बार की जा रही कोशिशों और भाजपा के अलग-अलग नेताओं द्वारा किसानों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना, उनकी पार्टी पर ही उलटा पड़ेगा।
तो मैं भी आपको लड्डू खिलाऊंगा: कैप्टन
पंजाब में गन्ना किसानों के विरोध का हल किए जाने के बाद किसान नेताओं द्वारा कैप्टन को लड्डू खिलाने पर मनोहर लाल की टिप्पणी का जवाब देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आप कृषि कानून रद्द कर दो और फिर न सिर्फ किसान बल्कि मैं भी आपको लड्डू खिलाऊंगा।’’ कैप्टन ने कहा कि वह और उनकी सरकार किसान विरोधी कानूनों के खिलाफ किसानों के साथ डटकर खड़े हैं और यहां तक कि भाजपा की बेरुखी के कारण दिल्ली की सरहदों पर जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को पंजाब सरकार द्वारा मुआवजा और नौकरियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि एक सरकार या एक राजनीतिक दल जो अपनी देखरेख में ऐसी घटनाओं को होने देने और कीमती जीवन के नुकसान होने की आज्ञा देती हो, ज्यादा देर टिक नहीं सकती।