फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Police security tightened in Punjab-Haryana and Chandigarh for New year

नए साल के स्वागत के लिए रेस्तरां, होटलों और क्लबों में खास इंतजाम, लेकिन न करें ये काम

Tue, 31 Dec 2019 01:42 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: ajay kumar Updated Tue, 31 Dec 2019 01:42 PM IST
विज्ञापन
Police security tightened in Punjab-Haryana and Chandigarh for New year
प्रतीकात्मक तस्वीर

हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़ में नए साल पर हुड़दंग करने वालों की शामत है। पुलिस की नजर ऐसे तत्वों पर रहेगी जो नए साल के रंग में भंग डालने की कोशिश करेगा। इसके लिए पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में विशेष तैयारी की गई हैं। 

विज्ञापन


चंडीगढ़ एक्साइज डिपार्टमेंट ने पब, होटल, रेस्टोरेंट और क्लबों को शराब पिलाने को लेकर गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत यदि 31 दिसंबर की रात एक बजे के बाद होटल, पब, क्लब या रेस्टोरेंट में कहीं भी शराब परोसी गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने नजर रखने के लिए चार टीमों का गठन किया है। ये टीमें न्यू ईयर नाइट पर पूरे शहर में सक्रिय रहेंगी।
विज्ञापन


चंडीगढ़ शहर में 89 क्लब, पब, रेस्टोरेंट और होटल हैं। यहां पर न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर 31 दिसंबर की रात लोगों को शराब परोसी जाती है। हर साल एक्साइज डिपार्टमेंट के द्वारा न्यू ईयर पर शराब परोसने संबंधी गाइड लाइन जारी की जाती है। वर्ष 2018 में डिपार्टमेंट के द्वारा रात 2 बजे तक शराब परोसने का टाइम तय किया गया था लेकिन इस साल डिपार्टमेंट ने एक घंटे की कटौती कर दी है। अब शहर में पब, होटल और रेस्टोरेंट में रात एक बजे तक ही शराब परोसी जा सकेगी। यदि तय समय के बाद कहीं किसी ग्राहक को शराब परोसी गई तो संबंधित होटल, पब या रोस्टोरेंट संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  
विज्ञापन
विज्ञापन


12 बजे तक ही बजेगा डीजे
नए साल की रात में सिर्फ 12 बजे तक ही डीजे बज पाएगा। प्रशासन के पर्यावरण विभाग की ओर से 12 बजे तक लाउड स्पीकर की अनुमति को लेकर नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है। शहर के क्लब और डिस्कोथेक संचालकों को इसके लिए डीसी ऑफिस से अनुमति लेनी होगी। वैसे शहर में 10 बजे तक ही प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर पर गाने बजाने की अनुमति दी गई है।

एक बजे के बाद खुले क्लब तो होगी कार्रवाई

डीसी ऑफिस की ओर से एक्साइज और पुलिस डिपार्टमेंट को आदेश दिया गया है कि यदि रात एक बजे के बाद कोई क्लब या रेस्टोरेंट खुला पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर दोनों विभागों की ओर से भी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।

एंट्री पास पर होगी जीएसटी की मोहर
जीएसटी चोरी रोकने को लेकर जीएसटी डिपार्टमेंट भी न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर काफी गंभीर है। पब और क्लबों में जीएसटी की चोरी न को इसके लिए एंट्री पास पर जीएसटी मोहर को अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे पूर्व पब और क्लब संचालकों के द्वारा टिकटों के नाम पर जीएसटी चोरी कर ली जाती थी, जिसको देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। 

मोहालीः जिले में रात एक बजे तक ही हो पाएगी पार्टियां
2020 के स्वागत में जिले के विभिन्न होटलों, क्लबों, ढाबों और दुकानों में रात एक बजे तक समागम हो पाएंगे। इस संबंधी एडीएम कम एडीसी साक्षी साहनी ने आदेश जारी किए हैं। यह आदेश फौजदारी की धारा-144 के तहत दिए गए हैं। वहीं, आदेश तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक नए साल के मौके किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए जिला प्रशासन की तरफ से पूरे इंतजाम किए गए है। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि सभी पीसीआर पार्टियों व एसएचओ को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। वहीं, सिविल ड्रेस में भी पुलिस सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहेगी। लोगों को कहा है कि कोई भी संदिग्ध चीज या व्यक्ति को देखते हैं तो इस बारे मे तुरंत पुलिस को 112 पर कॉल करके बताएं।

कर एवं आबकारी विभाग भी करेगा कार्रवाई
एडीएम साक्षी ने कहा कि यह आदेश जिले में 31 दिसंबर 2019 से एक जनवरी 2020 तक तुरंत प्रभाव से लागू होंगे। वहीं रात के समय कर एवं आबकारी विभाग के नियम पहले की तरह लागू होंगे। एसएसपी, कर व आबकारी कमिश्नर, समूह उप मंडल मजिस्ट्रेट, तहसीलदार व नायब तहसीलदार को उक्त आदेश की पालना को यकीनी बनाने के लिए कहा है। 

नववर्ष पर मंदिरों और गुरुद्वारा साहिब में भव्य आयोजन

नववर्ष पर मंदिरों और गुरुद्वारा साहिब में भव्य आयोजन होगा। चंडीगढ़ के सेक्टर 29 स्थित साईं मंदिर पूरी रात खुला रहेगा। सेक्टर 29 स्थित श्री साईं धाम मंदिर में नववर्ष के स्वागत की जोरदार तैयारियां की गईं हैं। इसके तहत रात 8 से 12 बजे तक प्रख्यात सूफी कव्वाल जॉनी सूफी साईं भजन प्रस्तुत करेंगे। 

रात साढ़े आठ बजे से भंडारा का आयोजन होगा और नववर्ष के आते ही केक काटा जाएगा। केक का प्रसाद बाबा को अर्पित करने के बाद भक्तों में वितरित किया जाएगा। साथ ही नए वर्ष के कैलेंडर भी भक्तों को दिए जाएंगे। इसके अलावा 31 दिसंबर की पूरी रात मंदिर के कपाट बंद नहीं होंगे व भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर खुला रहेगा। 

1 जनवरी को मध्यरात्रि 12.30 बजे से मध्याह्न 12.00 बजे तक मंदिर में अखंड श्री साईं नाम जाप चलेगा। सेक्टर 23 के मुनिजी मंदिर स्थित धर्मशाला में नववर्ष पर माता की चौकी का आयोजन हो रहा है। भजन गायक लक्की एंड पार्टी भजनों की अमृतवर्षा करेंगे। अजय गुप्ता ने बताया कि रात आठ बजकर 50 मिनट पर ज्योति प्रचंड होगी। प्रसाद 12 बजकर 10 मिनट पर वितरित होगा।

गुरुद्वारा सेक्टर 8 पातशाही दसवीं में भव्य आयोजन होगा। सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में कार्यक्रम शुरू होगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी प्रधान सुरजीत सिंह कोहली ने बताया कि भाई बलविंदर सिंह सागर, भाई हरिंदर पाल सिंह फतेहगढ़ साहिब वाले, भाई अरविंदर जीत सिंह किट्टू जी चंडीगढ़ वाले, भाई तेजिंदर सिंह जी शिमला वाले कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे।

रात 10 से 2 बजे तक रहेगा पुलिस का कड़ा पहरा

2020 के स्वागत पर जश्न मनाने पर किसी को खलल न पड़े, इसके लिए चंडीगढ़ पुलिस ने इस बार विशेष तैयारियां की हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में 145 जगहों पर नया साल मनाया जाएगा। 31 दिसंबर की रात 10 बजे से नववर्ष शुरू होने की रात दो बजे तक इन जगहों से शहर के सात सेक्टरों समेत इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एलांते मॉल के पास का एरिया वाहन मुक्त जोन बना दिया है। 

इन चार घंटों के दौरान कोई भी व्यक्ति अपने वाहन को इनमें से किसी जगह नहीं ले जा पाएगा। साथ ही जिन लोगों के घर उक्त सड़कों के किनारे हैं, वे अपने पहचान पत्र साथ रखें ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा शहर भर में 16 एसएचओ, 21 इंस्पेक्टर समेत कुल 1199 पुलिसकर्मी तैनाती की गई है।

इसके अलावा डिस्कोथेक व पब बार के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। पीसीआर और स्थानीय थाना पुलिस मध्य मार्ग पर सेक्टर-26, 8 और सेक्टर-9 समेत अन्य सेक्टरों के डिस्कोथेक, पब बार, रेस्टोरेंट के समीप सतर्कता से ड्यूटी करती नजर आएगी ताकि किसी जगह से कोई अप्रिय घटना सामने न आए। 

इन इलाकों में नहीं ले जा सकेंगे वाहन
1. सेक्टर-7 की अंदरूनी सड़क
2. सेक्टर-8 की अंदरूनी सड़क
3. सेक्टर-9 की अंदरूनी सड़क
4. सेक्टर-10 की अंदरूनी सड़क
5. सेक्टर-11 की अंदरूनी सड़क
6. सेक्टर-17 की अंदरूनी सड़क
7. सेक्टर-22 की अंदरूनी सड़क
8. सेक्टर-10 लेजर वैली के सामने की सड़क
9. अरोमा लाइट प्वाइंट से अस्पताल के समीप चौक तक
10. इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एलांते मॉल की तक

सड़कों पर 41 जगह नाके
शहर के अलग-अलग सड़कों पर हुड़दंगबाजों पर नजर रखने के लिए पुलिस 41 जगहों पर नाके लगाएगी। इसके अलावा बार्डर एरिया के 18 जगहों को मार्क किया गया है। साथ ही छह एंबुलेंस, छह फायर टेंडर, 3 हाइड्रोलिक लेडर, 3 क्यूआरटी को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा पीसीआर, चीता स्क्वायड समेत अन्य विंग अलग-अलग जगहों पर गश्त करती हुई दिखेंगी।

पिक एंड ड्राप की भी सुविधा

चंडीगढ़ पुलिस ने इस अवसर पर पिक एंड ड्राप पर विशेष नजर रखी हुई है। इस मौके पर इंस्पेक्टर पूनम दिलावरी की अगुवाई लेडी स्क्वायड टीम का गठन किया गया है। इसके अलावा शहर भर में 8 पीसीआर महिलाओं को पिक एंड ड्राप की सुविधा देगी। अगर महिला रात 10 बजे के बाद से साधन नहीं मिलने पर कहीं फंस जाती है तो वे आपातकालीन 112 नंबर पर सूचित कर इस सुविधा का लाभ ले सकती हैं।  

हुड़दंगबाजों से सख्ती से पेश आएगी पुलिस
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, वाहनों के माध्यम से ध्वनि प्रदूषण पैदा करने और समेत हुड़दंगबाजी करने पर पुलिस सख्ती से पेश आएगी। इसके अलावा पुलिस नए साल की पूर्व संध्या पर शहर में नशे में ड्राइविंग और तेज गति वाहनों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाएगी। शराब के नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ दस हजार रुपये जुर्माना लगाकर लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।

आपातकाल पर इन नंबरों पर करें सूचित
1. पुलिस कंट्रोल 112
2. 26 थाना-0172-2790594
3. 31 थाना-0172-2638698
4. 17 थाना-0172-2775147
5. 36 थाना-0172-2662995
6. 34 थाना 0172-2662697
7. 03 थाना 0172-2740254
8. आईटी पार्क थाना 0172-2970318
9. मलोया थाना 0172-2643213

2020 के स्वागत में जश्न मनाने पर किसी को खलल न पड़े, इस कारण पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस टीम हुड़दंगबाजों पर विशेष नजर रखेगी। साथ ही लेडी स्क्वायड टीम का गठन किया गया है। - चरणजीत सिंह विर्क, डीएसपी 

सड़कों पर बरदाश्त नहीं होगा न्यू ईयर का हुड़दंग

हरियाणा में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान सड़कों पर हुड़दंग बरदाश्त नहीं होगा। हरियाणा पुलिस ने इस संदर्भ में चेतावनी देते हुए सड़कों व सार्वजनिक स्थलों पर तैनाती व गश्त के लिए विशेष टीमें गठित की है। पुलिस ने साफ किया है कि हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं होगी, ऐसा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हरियाणा पुलिस द्वारा नए साल के जश्न के मद्देनजर प्रदेश में यातायात एवं कानून व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए सुरक्षा के कडे़ बंदोबस्त किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क ने बताया 31 दिसंबर की रात से एक जनवरी तक शॉपिंग मॉल, पब, बार, होटल, रेस्तरां, सिनेमा हाल जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस गश्त व नाका ड्यूटी के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी, ताकि आम नागरिक शांतिपूर्ण ढंग से नए साल का स्वागत कर सकें।

पुलिस इंतजामों की जानकारी देते हुए विर्क ने बताया कि भारी संख्या में हुड़दंगियों को आकर्षित करने वाले नए साल के समारोह के मद्देनजर सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने एरिया में भीड़ और यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम सुनिश्चित करें। नए साल के जश्न में बाधा उत्पन्न किए बिना सभी सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर पुलिस तैनात की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि इस दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान केंद्रित होगा। एडीजीपी ने नए साल के जश्न के दौरान शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे हुड़दंगियों व शराब पीकर हंगामा करने वालो से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके अतिरिक्त, नए साल के जश्न के नाम पर गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए विशेष चेक प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। साल 2020 के शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा पुलिस राज्य भर में अतिरिक्त सतर्कता बरतेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed