चंडीगढ़ में पेट्रोल तीन डीजल ढाई रुपये महंगा, हल्के लक्षण वाले मरीज आयुर्वेदिक कॉलेज जाएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ प्रशासन ने लॉकडाउन के चलते हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए पेट्रोल-डीजल पर 5 प्रतिशत वैट बढ़ा दिया है। इससे शहर में पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 2.5 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते अर्थव्यवस्था पर असर होते देख प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। यह आदेश बुधवार रात 12 बजे से लागू हो जाएगा।
पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। चंडीगढ़ में 5 प्रतिशत वैट बढ़ाने के बाद अब पेट्रोल और डीजल के दाम 68.62 रुपये और 62.02 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इससे पहले केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का फैसला किया है।
पेट्रोल पर 10 रुपये और डीजल पर प्रति लीटर 13 रुपये एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है। चंडीगढ़ से पहले दिल्ली, पंजाब और हरियाणा ने भी पेट्रोल और डीजल पर वैट बढ़ाने का फैसला लिया है।
कंटेनमेंट जोन में अगले तीन दिन तेजी से होगी जांच
बापूधाम में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले को लेकर प्रशासक ने चिंता जताई। उन्होंने डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज को आदेश दिए कि अगले तीन दिन तक कंटेनमेंट जोन में रहने वाले व्यक्तियों की गहनता व तेजी से जांच की जाए।
उन्होंने संदिग्ध मामलों में भी कोरोना टेस्ट लिए जाने की बात कही। प्रशासक ने जांच की संख्या को बढ़ाने के भी आदेश दिए। प्रशासक ने शहरवासियों से अपील की है कि अगर किसी भी व्यक्ति को बुखार आदि समस्याएं आती हैं तो वह अपने पास के डिस्पेंसरी में जाकर जांच करवाए। उन्होंने स्थानीय नेताओं और पड़ोसियों से अपील की है कि वह अपने क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति में कोरोना वायरस के लक्षण दिखने पर प्रशासन को सूचित करें।
हल्के लक्षण वाले कोरोना के मरीज सेक्टर-46 होंगे शिफ्ट
पीजीआई के आग्रह पर प्रशासक ने यह तय किया है कि अब हल्के लक्षणों वाले कोरोना के मरीजों को सेक्टर-46 के आयुर्वेदिक अस्पताल में भेजा जाएगा। इसके अलावा गंभीर केसों में चल रहा इलाज पहले की तरह पीजीआई में ही किया जाएगा। प्रशासक ने लोगों को घर में रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर बहुत आवश्यक हो तभी घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते वक्त भी चेहरे पर मास्क पहन कर रखें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।