Punjab: सरकार ने 21,000 करोड़ के निवेश को किया आकर्षित, 90,000 लोगों को मिलेगा रोजगार
पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एंड कमिश्नर-एक्साइज एंड टैक्सेशन, पंजाब के सीईओ कमल किशोर यादव ने कहा कि पंजाब सरकार एक ऐसी नीति बनाने की प्रक्रिया में है, जिसमें उद्योगों की उचित निगरानी रखी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब की पर्यटन और श्रम मंत्री अनमोल गगन मान ने कहा कि उद्योग के अनुकूल नीतियों के चलते राज्य ने 21,000 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित किया है। नए उद्योगों और स्टार्टअप्स के आने से पंजाब में 90,000 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
पर्यटन मंत्री मंगलवार को चंडीगढ़ में उद्योगों को बढ़ावा देने के मकसद से कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) द्वारा आयोजित अधिवेशन में बोल रही थीं।
उन्होंने सभी उद्योगपतियों का स्वागत करते हुए कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में निवेश के माहौल में सुधार के लिए सुझाव मांगे। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार आगामी उद्योगों और निवेशकों के लिए निवेश के माहौल में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे राज्य में रोजगार के अधिक अवसर पैदा होंगे।
सत्र के दौरान, सीआईआई पंजाब राज्य परिषद ने राज्य के लिए नई औद्योगिक और निवेश नीति 2022 के संबंध में राज्य सरकार को औपचारिक रूप से अपनी सिफारिशें प्रस्तुत कीं।
उद्योगपतियों ने इस मौके पर मंत्री से अमृतसर में टेक्सटाइल पार्क के लिए जगह चयन कर इसे जल्द खोलने की मांग की। अनमोल गगन मान ने कहा कि राज्य सरकार नए उद्योगों और निवेशकों को अपना व्यवसाय स्थापित करते हुए एक सहज अनुभव प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है।
उद्योगपतियों को जहां जमीन चाहिए, सरकार मुहैया कराएगी। राज्यसभा सदस्य (आप) और सन फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह साहनी ने पंजाब में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सुझाव साझा किए।
उद्योग, वाणिज्य और निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव दिलीप कुमार ने कहा कि पंजाब के लिए नई औद्योगिक नीति 2022 का मसौदा तैयार है और इसे समीक्षा के लिए उद्योग और संभावित निवेशकों के साथ साझा किया जा रहा है।
पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एंड कमिश्नर-एक्साइज एंड टैक्सेशन, पंजाब के सीईओ कमल किशोर यादव ने कहा कि पंजाब सरकार एक ऐसी नीति बनाने की प्रक्रिया में है, जिसमें उद्योगों की उचित निगरानी रखी जाएगी।
इस मौके पर श्रम सचिव पंजाब मनवेश सिद्धू, सीआईआई पंजाब राज्य और गंगा एक्रोवूल्स लिमिटेड के अध्यक्ष अमित थापर, पूर्व अध्यक्ष, सीआईआई उत्तरी क्षेत्र और वर्धमान स्पेशल स्टील्स के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक सचित जैन, वाइस चेयरमैन, सीआईआई पंजाब और सीएमडी टाइनोर ऑर्थोटिक्स प्राइवेट लिमिटेड डॉ. पीजे सिंह आदि मौजूद रहे।