देह व्यापार से इनकार पर महिला की हत्या करने वाले दोषियों को उम्रकैद, नहर पर मारी थी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करीब डेढ़ साल पहले दिल्ली से देह व्यापार के लिए लाई गई 27 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में एडीजे आरपी गोयल की अदालत ने जींद के जुलाना निवासी अमित उर्फ तोता, रोहित, अमित और बुढ़ाखेड़ा निवासी अजीत उर्फ जीतू को आजीवन कारावास और 17-17 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जबकि देह व्यापार कराने की दोषी करार गोहाना की दो महिलाओं बीरमति, माया देवी व जयबीर को पांच-पांच साल और सुनील को चार साल की सजा सुनाई गई है।
बचाव पक्ष के वकील का कहना है कि मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। मामले के अनुसार सितंबर 2017 को महम पुलिस को सूचना मिली कि खरकड़ा गांव के पास भिवानी डिस्ट्रीब्यूटरी नहर में एक महिला का शव पुल के साथ अटका हुआ है। मृतका ने टी शर्ट व जींस पहन रखी है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर जांच पड़ताल की।
पैंट से एक आधार कार्ड मिला, जिससे पता चला कि महिला पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जिले की रहने वाली है। महम पुलिस ने आसपास के जिलों की पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की सूचना पाकर मृतका की सहेली दिल्ली से रोहतक पहुंची और शिनाख्त की।
मृतका की सहेली ने पुलिस को बताया कि गोहाना के विष्णु नगर का सुनील दोनों को झांसा देकर यहां लाया और बीरमति, माया देवी व जयबीर को सौंप दिया।
इसी बीच चार युवक आए और मृतका को 5 हजार रुपये में अपने साथ ले गए। जब उसकी सहेली वापस नहीं लौटी तो उसे अनहोनी की आशंका महसूस हुई। इसके चलते वह गोहाना से फरार हो गई।
गढ़वाल गांव के पास पुल पर खड़ा करके मार दी सिर में गोली
पुलिस ने दबिश देकर गोहाना से माया देवी, बीरमति व जयबीर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि जींद के जुलाना निवासी अमित उर्फ मीता, रोहित, अमित और बुढ़ा खेड़ा निवासी अजीत महिला को पैसे देकर अपने साथ ले गए थे।
पुलिस ने आरोपियों को दबिश देकर दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि पहले वे महिला को किरसौला गांव के खेतों में ले गए। वहां पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया।
आरोप था कि मामला बिगड़ने पर महिला को सोनीपत जिले के गांव गढ़वाल के पास पुल पर खड़ा कर दिया। इसके बाद अमित उर्फ मीता ने महिला के सिर में दो गोली मार दी। महिला पुल पर गिर गई।
इसके बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंक दिया। इतना ही नहीं, गोहाना दूसरी महिला को लेने पहुंच गए, लेकिन उस समय तक मृतका की सहेली देह व्यापार कराने वालों के चंगुल से फरार हो चुकी थी।