संदीप नंगल अंबियां की हत्या: लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने ली जिम्मेदारी, जग्गू भगवानपुरिया ग्रुप ने कहा- फर्जी है पोस्ट
संदीप के भाई ने ऑस्ट्रेलिया से वीडियो जारी कर कहा है कि जब तक आरोपी नहीं पकड़े जाते तब तक वह शव का पोस्टमार्टम नहीं करने देंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां की हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने ली है। वहीं दूसरे गैंगस्टर ने इसे फर्जी पोस्ट बताया है। सोशल मीडिया पर चल रही एक पोस्ट में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने कहा है कि उन्होंने संदीप की हत्या करवाई है, क्योंकि उसने उनसे धोखे से काम लिया और बाद में इंग्लैंड भाग गया। वहीं दूसरे गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर कहा है कि संदीप उनका भाई है और उसकी मौत का बेहद अफसोस है। वह कबड्डी को प्रमोट करते हैं लेकिन जो पोस्ट संदीप का कत्ल करने की जिम्मेदारी लेने वालों की चल रही है, वह फर्जी है।
एक शूटर बाएं हाथ से चला रहा था गोली
जालंधर के शाहकोट के निकट सोमवार शाम करीब 6:15 बजे गांव मल्लियां खुर्द में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान मैच खेलने के बाद लौट रहे एनआरआई कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां की हत्या से देश-विदेश में शोक की लहर है। पुलिस को मौके से 9 एमएम के 10 खोल मिले हैं। वहीं जांच में सामने आया है कि हमलावरों में एक शूटर बाएं हाथ से गोलियां चलाने वाला था।
संदीप नंगल अंबियां का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा, क्योंकि उनकी पत्नी यूनाइटेड किंगडम (यूके) से मंगलवार रात को पहुंचेंगी। इसके बाद बुधवार को उनकी सहमति से पोस्टमार्टम व संस्कार किया जाएगा। वहीं संदीप के भाई ने ऑस्ट्रेलिया से वीडियो जारी कर कहा है कि जब तक आरोपी नहीं पकड़े जाते तब तक वह शव का पोस्टमार्टम नहीं करने देंगे।
सोमवार को वारदात के समय संदीप नंगल अंबियां टूर्नामेंट के दौरान अपने कुछ साथियों को कार तक छोड़ने निकले थे। तभी घात लगाकर बैठे शॉर्प शूटरों ने गोलियों की बौछार कर दी। हमलावर सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर गिलान गांव की ओर भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों की स्विफ्ट में एक व्यक्ति पहले से बैठा था। चार हमलावर हाथ में पिस्तौल लेकर संदीप के पास पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी।
एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। तफ्तीश हर एंगल से की जा रही है। अभी पुलिस को पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं। वहीं सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने इलाके के मोबाइल का डंप निकाला है। इसे खंगाला जा रहा है। वहीं पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने संदीप की रेकी की। पुलिस अधिकारी यह भी मानते हैं कि गैंगस्टरों को गांव मल्लियां खुर्द से निकलने का रास्ता भी किसी स्थानीय ने दिया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि एक शार्प शूटर बाएं हाथ से रिवाल्वर से गोलियां चला रहा था।
होला मोहल्ला में होने वाला कबड्डी टूर्नामेंट रद्द
इंग्लैंड कबड्डी फेडरेशन के प्रधान सुरेंद्र सिंह मानक, कबड्डी फेडरेशन के प्रधान सुरजन सिंह चट्ठा ने पत्रकार वार्ता कर श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला में होने वाले टूर्नामेंट को रद्द करने की घोषणा की। साथ ही अन्य कबड्डी टूर्नामेंट आयोजित न करने का एलान किया। नॉर्थ इंडिया कबड्डी फेडरेशन के सुरजन सिंह चट्ठा और कार्यकारी प्रधान हरजीत सिंह सुक्खी ने सोमवार को हुई वारदात की निंदा की और कहा कि एक हफ्ते तक वह कोई भी टूर्नामेंट नहीं करवाएंगे। इसके बाद बैठक कर अगली रणनीति तैयार की जाएगी।
तमाम कबड्डी प्रमोटरों ने कहा कि खिलाड़ियों में खौफ खत्म करने के लिए सभी कबड्डी फेडरेशन व क्लब को एक मंच पर लाने का प्रयास आज से शुरू कर दिया गया है। सुरजन सिंह चट्ठा ने कहा कि हमने 2019 में जग्गू भगवानपुरिया के खिलाफ शिकायत दी थी लेकिन इसका कोई हल नहीं निकला। सुक्खी ने कहा कि कबड्डी के खिलाड़ियों के सिर से आतंक का साया खत्म करना हमारी प्राथमिकता है और देश-विदेश के सभी प्रमोटर इस संगीन घटना से आहत हैं। इससे कबड्डी के खिलाड़ियों में खौफ होना स्वाभाविक है।