शालीमार एक्सप्रेस में आग, हजारों यात्रियों की अटकीं सांसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन के पास जम्मूतवी से दिल्ली जा रही शालीमार एक्सप्रेस के इंजन में शुक्रवार सुबह आग लग गई। चालक ने तीन किलोमीटर दूर रेलवे फाटक पर ट्रेन को रोककर तुरंत इंजन से पीछे तीन डिब्बों को खाली करवाया।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों के मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया। इससे अंबाला-यमुनानगर रेलवे लाइन पर करीब एक घंटे तक ट्रेनों की आवाजाही बंद रही और करीब आधा दर्जन ट्रेनें लेट हुईं।
सुबह पौने छह बजे जम्मूतवी से दिल्ली जाने वाली शालीमार ट्रेन ने जैसे ही मुस्तफाबाद का स्टेशन क्रास किया, उसके इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। चालक राजेश ने इंजन का तेल बंद कर दिया और ट्रेन को करीब तीन किलोमीटर दूर स्यालबा गांव के रेलवे फाटक तक ले गए।
चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा बच गया
यहां ट्रेन को रोककर चालक ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। इंजन में धुआं निकलता देख चालक ने इंजन के साथ लगते तीन डिब्बे खाली करवा दिया। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
दमकल कर्मचारियों ने करीब एक घंटे में इंजन में लगी आग को बुझा दिया। इसके बाद दूसरा इंजन मौके पर आया और ट्रेन को वापस मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन लाया गया। यहां से 8 बजकर 40 मिनट पर ट्रेन जगाधरी रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुई। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया।
ये गाड़ियां लेट हुईं: ट्रेन के इंजन में आग लगने की सूचना मिलने पर जगाधरी-अंबाला रेलवे ट्रैक की अप और डाउन लाइनों में रेल यातायात बंद करवा दिया गया। इन स्टेशनों की ओर जाने वाले ट्रेनों को अंबाला और जगाधरी रेलवे स्टेशनों पर रोक दिया गया। हादसे के चलते अंबाला-दिल्ली एक्सप्रेस, अंबाला-दिल्ली पैसेंजर सहित करीब आधा दर्जन ट्रेनें करीब एक घंटे लेट हुईं। वहीं शालीमार एक्सप्रेस करीब दो घंटे देरी से जगाधरी रेलवे स्टेशन पहुंची।