सीआईडी चीफ ने दो बार मांगा मिलने का समय, लेकिन गृहमंत्री अनिल विज ने किया इंकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में सीआईडी के अधिकार को लेकर छिड़ा विवाद अभी तक जारी है। इसी के चलते अब गृहमंत्री अनिल विज ने हरियाणा सीआईडी चीफ अनिल राव से मिलने से इंकार कर दिया है। सूत्रों के अनुसार सीआईडी चीफ किसी मसले को लेकर गृहमंत्री से मिलना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने पीए के माध्यम से दो बार गृहमंत्री से मिलने के लिए वक्त भी मांगा। मगर दोनों बार गृहमंत्री ने सीआईडी चीफ से मिलने से इंकार कर दिया।
गृहमंत्री ने व्यस्तता का हवाला देते हुए फिलहाल सीआईडी चीफ से मीटिंग को टाल दिया। मगर इसी दौरान गृहमंत्री विज हरियाणा गृह विभाग के सचिव विजयवर्धन से जरूर मिले। उन्होंने गृह सचिव से करीब आधे घंटे किसी अहम मुद्दे पर चर्चा भी की।
पहले सीएम राजी थे, अब क्यों रुकी भर्ती, देखना पड़ेगा
इसी विवाद के चलते प्रदेश में रखे जाने वाले 457 डॉक्टरों की नियुक्तियों पर भी फिलहाल ब्रेक लग गया है। सीएम की ओर से इस संदर्भ में प्रस्ताव पर रोक लगाई गई है। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि इस संदर्भ में मुख्यमंत्री की मंजूरी पहले मिली हुई थी, लेकिन अब इसे क्यों रद्द किया गया। यह देखना पड़ेगा। उन्होंने अफसरों को संबंधित फाइल उन्हें दिखाने के निर्देश दिए हैं।
मिनिमम कॉमन प्रोग्राम पर हुड्डा पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा कॉमन मिनिमम प्रोग्राम सिरे न चढ़ने को लेकर उठाये गए सवाल पर अनिल विज ने कहा कि हुड्डा को क्या तकलीफ है, जब मियां बीवी राजी तो क्या करेगा काजी। विज ने कहा कि जजपा और हम राजी हैं तो हुड्डा बेवजह क्यों परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले पर एक मीटिंग हो चुकी है और अगली भी जल्द हो जाएगी।
विज ने पूर्व कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने में युवा ही अहम भूमिका निभा सकते हैं पर पलटवार करते हुए कहा कि दीपेंद्र हुड्डा पहले खुद अपने पद से इस्तीफा दें। विज ने कहा कि भाजपा और जजपा की सरकार लोहे की तरह मजबूत है, पूरा समय यह सरकार चलेगी और प्रदेश हित के काम करेगी। सैलजा पर कटाक्ष करते हुए विज ने कहा कि कांग्रेस का एक फार्मूला है कि सारे बैठकर एक झूठ बना लो और गली मोहल्लों में जा जाकर सारे बोलो। इसमें चाहे सैलजा हो, हुड्डा हो या कोई और हो ये सारे एक ही भाषा बोलते हैं लेकिन झूठ का कोई सर या पैर नहीं होता।
सीआईडी विवाद छोड़ प्रदेश के विकास पर ध्यान दें सीएम-गृहमंत्री: गर्ग
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि प्रदेश का विकास छोड़कर सीएम और गृहमंत्री सीआईडी के अधिकार के विवाद पर उलझे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को विकास से मतलब है, न कि इस तरह के बेवजह के विवाद से। बजरंग गर्ग ने कहा कि सीआईडी विभाग, गृह मंत्री के अधीन रहे या मुख्यमंत्री अपने पास रखें यह भारतीय जनता पार्टी व हरियाणा सरकार का अपना निजी मामला है। मगर मुख्यमंत्री सीआईडी विभाग में उलझने की बजाय हरियाणा में विकास कराने की तरफ ध्यान देना चाहिए।