टोक्यो ओलंपिक से हरियाणा को मिला सबक: 200 नए कोच, डाइट विशेषज्ञ होंगे भर्ती, नर्सरियों की संख्या लगभग 1000 होगी
13 अगस्त को पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल पेरिस ओलंपिक को लेकर सरकार का रोडमैप पेश करेंगे। खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणाएं मुख्यमंत्री के पिटारे से निकलने वाली हैं। मुख्यमंत्री इसे लेकर अपनी कोर टीम के साथ बुधवार और गुरुवार को बैठकें भी करने वाले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टोक्यो ओलंपिक में स्वर्णिम प्रदर्शन के साथ हरियाणा ने भविष्य के लिए अनेक सबक भी लिए हैं। पेरिस ओलंपिक में इससे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रदेश सरकार खेल सुविधाओं में बड़ा इजाफा करने जा रही है। 200 नए कोच के अलावा डाइट विशेषज्ञ भर्ती होंगे। खेल नर्सरियों की संख्या बढ़ाकर लगभग 1000 की जाएगी। नए स्टेडियम, सिंथेटिक ट्रैक, एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाए जाएंगे। ट्रैक एंड फील्ड खेलों पर ज्यादा ध्यान रहेगा।
टोक्यो ओलंपिक के भारतीय दल में 31 खिलाड़ी हरियाणा के शामिल रहे। उन्होंने कुल सात पदकों में से स्वर्ण सहित तीन पदक जीते। कांस्य पदक विजेता हॉकी टीम में दो खिलाड़ी हरियाणा से हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन से उत्साहित प्रदेश सरकार ने पेरिस ओलंपिक के लिए अभी से खाका खींच लिया है।
खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि जल्दी ही खेल नर्सरियों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी होगी। नए स्टेडियम के साथ-साथ ग्रामीण स्तर पर ट्रैक तैयार किए जाएंगे ताकि सभी युवा तैयारी कर सकें। प्रदेश में चार पुनर्वास व उपचार केंद्र बनाने की तैयारी है। इससे खिलाड़ी राज्य में ही चोट से छुटकारा पाकर दोबारा अपना खेल शुरू कर सकेंगे। संदीप सिंह ने बताया कि टोक्यो ओलंपिक के प्रदर्शन को देखते हुए पेरिस ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने के मद्देनजर अतिरिक्त कोच नियुक्त किए जाएंगे। खेल विभाग लगभग 200 नए कोच भर्ती करेगा।
खिलाड़ियों के लिए तैनात होंगे डाइट विशेषज्ञ
खेल मंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए डाइट विशेषज्ञ तैनात किए जाएंगे ताकि वे खिलाड़ियों को बता सकें कि उन्हें किस तरह का खाना खाना है। खिलाड़ियों के लिए डाइट सुविधाएं भी बढ़ाने जा रहे हैं। खेल विभाग में मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को ऐसी नौकरी दी जाएगी जिससे वह अपना खेल भी जारी रख सकें और नई पीढ़ी को भी खेलों के लिए तैयार करें।
दूसरे विभागों में तैनाती से खिलाड़ियों के खेल पर ब्रेक तो लगता ही है, साथ ही नई पीढ़ी को उनके अनुभव का लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि नीरज चोपड़ा के गोल्ड मेडल लाने से ट्रेक एंड फील्ड खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है। सरकार अब इन खेलों पर ज्यादा ध्यान देगी ताकि आगामी पेरिस ओलंपिक में मेडल की संख्या बढ़ाई जा सके।
2024 ओलंपिक के लिए यह रहेगी रणनीति
- बचपन से ही खेल के प्रति खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा
- यूथ गेम्स-2022 से युवा खिलाड़ियों को पेरिस के लिए तैयार करेंगे
- अच्छे ट्रेनर्स और साइंटिफिक कोचिंग दी जाएगी
- स्कूल स्तर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की योजना
- स्कूली खेलों को और बढ़ाया जाएगा, प्रतिस्पर्धा पैदा करेंगे
खिलाड़ियों को शुरू से दें वित्तीय-चिकित्सीय सुविधा: बिजेंदर
बॉक्सर बिजेंदर सिंह ने कहा कि चढ़ते सूरज को सभी सलाम करते हैं। सरकार को शुरू से ही खिलाड़ियों को वित्तीय व चिकित्सीय मदद मुहैया करानी चाहिए। स्कूल, कॉलेज, राज्य व राष्ट्रीय स्तर की सभी खेल प्रतियोगिताओं के लिए सभी सुविधाएं निशुल्क मिलनी चाहिए। इससे खिलाड़ी को तैयारी में कोई दिक्कत नहीं होगी।