नोटबंदी पर घिरी सरकार, विरोधियों ने उठाए पीएम के दौरे पर सवाल
नोटबंदी के फैसले के बीच प्रधानमंत्री मोदी के बठिंडा दौरे के मद्देनजर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। गौरतलब है कि नोटबंदी को लेकर जहां पीएम को आम जनता में सराहना मिल रही है वहीं विपक्ष इसपर लगातार हमले कर रहा है। विपक्ष ने सदन में भी सरकार पर दबाव बनाने का प्रयास किया है। जिसके चलते राज्यसभा में हंगामा जारी है।
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को बठिंडा में एम्स का शिलान्यास करने जा रहे हैं। नोटबंदी के फैसले के बाद विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को सड़क से सदन तक घेरने की रणनीति बनाई है।
वहीं वीरवार को केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल और ग्रामीण विकास मंत्री सिकंदर सिंह मलूका की ओर से पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले भी बठिंडा का दौरा किया था। इस दौरान अकाली-भाजपा नेताओं की ओर से पूरे शहर में उनके स्वागत के लिए जबरदस्त उत्साह के साथ होर्डिंग और बैनर लगाए गए थे।