हादसों में पांच की मौतः फिरोजपुर में दो दोस्त तो पटियाला में एक परिवार के दो लोगों की गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की जान चली गई। पटियाला के नाभा में श्री फतेहगढ़ साहिब से लौट रहे परिवार के दो लोगों की जान चली गई तो वहीं फिरोजपुर में भी दो दोस्तों की मौत सड़क हादसे में हो गई। वहीं पठानकोट में अलाव के पास बैठे व्यक्ति की मौत कंबल में आग लगने की वजह से हो गई।
फिरोजपुरः सड़क हादसे में दो दोस्तों की गई जान
मल्लांवाला-फिरोजपुर रोड पर घनी धुंध के चलते बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों दोस्त डेरा ब्यास से गुरुहरसहाए लौट रहे थे। मृतक डविंकल के रिश्तेदार रमेश चंद्र निवासी गुरुहरसहाए ने बताया कि डविंकल शर्मा (26) निवासी मुहल्ला रठौड़ा तहसील गुरुहरसहाए अपने दोस्त बलविंदर सिंह (32) पुत्र बंता सिंह के साथ नाना-नानी को डेरा ब्यास छोड़ने के लिए बुधवार सुबह कार पर गए थे।
शाम सवा सात बजे दोनों डेरा ब्यास से गुरुहरसहाए के लिए रवाना हुए। रात को घनी धुंध पड़ रही थी। जैसे ही मल्लांवाला-फिरोजपुर रोड पर पहुंचे तो कार तेज रफ्तार होने के कारण धुंध में सड़क किनारे लगे सफेदे के पेड़ से टकरा गई। इससे बलविंदर और डविंकल गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें एंबुलेंस के जरिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
बलविंदर के भाई ने बताया कि उन्हें बुधवार रात लगभग साढ़े दस बजे मोबाइल पर कॉल आई कि बलविंदर और डविंकल का एक्सीटेंड हो गया। फिरोजपुर सिविल अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि दोनों की मौत हो गई। थाना मल्लांवाला पुलिस के मुताबिक धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
बाइक सवार युवक की मौत
होशियारपुर बाईपास चौक के पास बाइक से गिरकर 22 वर्षीय युवक विजय कुमार पुत्र रामप्रसाद निवासी बोहन की मौत हो गई। विजय किसी काम से आदमवाल गांव जा रहा था, तभी वहां से लौटते वक्त उसकी बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई, जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव परिजनों को सौंपकर इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
परिवार के दो लोगों की सड़क हादसे में मौत
नाभा में नया साल एक परिवार के लिए काल बनकर आया। बुधवार रात को फतेहगढ़ साहिब से माथा टेककर वापस लौट रहे परिवार के दो लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। टक्कर दो कारों के बीच आमने- सामने हुई थी, जिसमें कार चालक समेत पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए। खास बात यह है कि मामले में आरोपी कार चालक एक पुलिस मुलाजिम भी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। आरोपी फिलहाल खुद भी हादसे में घायल है, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले की जांच कर रहे अधिकारी एएसआई सर्वजीत सिंह ने बताया कि नाभा में इलेक्ट्रॉनिक शॉप के मालिक जसवंत सिंह (79) अपनी पत्नी नरिंदर कौर (74), बहू तेजिंदर कौर (45), हरप्रीत कौर (42) और दो बच्चों के साथ नए साल के पहले दिन गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेककर रात के समय कार से वापस घर लौट रहे थे।
कार को बलविंदर सिंह चला रहा था। रास्ते में नाभा के गांव लुबाना के पास नाभा से फतेहगढ़ साहिब की तरफ इंडिगा विस्ट्रा में जा रहे कांस्टेबल दपिंदर सिंह (25) आगे जा रही गाड़ी को ओवरटेक करने के चक्कर में संतुलन खो देने के बाद गलत साइड में जाकर सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर बुजुर्ग जसवंत सिंह और उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि कार चालक बलविंदर सिंह समेत सभी पांच लोग घायल हो गए।
आरोपी पुलिस मुलाजिम भी घायल हो गया। जिन्हें तुरंत पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल दाखिल कराया गया। वहीं कार चालक बलविंदर सिंह को गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी कार चालक ने शराब पी रखी थी, जिस कारण हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पुलिस मुलाजिम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अलाव तापते व्यक्ति के कंबल को लगी आग, मौत
पठानकोट के गांव रानीपरु झिकला में अलाव ताप रहे व्यक्ति के कंबल में आग लग गई। इससे व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव रानीपुर झिकला निवासी संतोख सिंह (36) के तौर पर हुई है। मृतक की पत्नी कुलविंदर कौर ने थाना शाहपुर कंडी पुलिस को दिए बयान में बताया कि बुधवार रात वह अपने बच्चों के साथ गांव के गुरुद्वारे गई थी।
उसका पति काम से लौट बरामदे में आग सेंक रहा था। महिला ने बताया कि गुरुद्वारे में जेठ का फोन आया कि आग सेंकते समय संतोख के कंबल को आग लग गई और वह बुरी तरह झुलस गया है। महिला ने बताया कि वह घर पहुंची तो उसका पति बेहोशी हालत में था। उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन देर रात पति की मौत हो गई। थाना शाहपुरकंडी एएसआई विजय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया है।