{"_id":"e7222c55c03d0eb823a7fbc0d79598b1","slug":"film-institute-will-be-construct-in-chandigarh-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"चंडीगढ़ को मिलेगा फिल्म इंस्टीट्यूट का तोहफा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चंडीगढ़ को मिलेगा फिल्म इंस्टीट्यूट का तोहफा
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Wed, 10 Sep 2014 04:21 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में अब फिल्म सिटी नहीं फिल्म इंस्टीट्यूट बनेगा। यूटी प्रशासन ने केंद्र सरकार को जो चंडीगढ़ के मास्टर प्लान का ड्राफ्ट भेजा है, उसमें फिल्म इंस्टीट्यूट का प्रावधान किया गया है। प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, फिल्म सिटी के लिए जितनी जमीन चाहिए थी उतनी जमीन शहर में उपलब्ध नहीं है।
विज्ञापन
ऐसे में शहर में इंस्टीट्यूशनल एरिया में सिर्फ फिल्म इंस्टीट्यूट का निर्माण हो सकता है। यूटी के मास्टर प्लान के ड्राफ्ट में चार अलग-अलग जगह इंस्टीट्यूशनल एरिया के लिए 870 एकड़ जमीन का प्रावधान किया गया है। इनमें से 638 एकड़ जमीन सारंगपुर में इंस्टीट्यूशन एरिया के लिए रखी गई है और फिल्म इंस्टीट्यूट भी यहीं बनाने की योजना है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि यूटी के प्रशासक शिवराज पाटिल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में शहरवासियों को संबोधित करते हुए कहा था कि प्रशासन फिल्म सिटी बनाने पर विचार कर रहा है। लेकिन, इसके बाद जब मास्टर प्लान के ड्राफ्ट को फाइनल करने के लिए प्रशासन के अधिकारियों की बैठक हुई तो उसमें यह तय हुआ कि मास्टर प्लान में सिर्फ फिल्म इंस्टीट्यूट का ही प्रावधान हो।
विज्ञापन
वहीं, 30 जून को यूटी गेस्ट हाउस में प्रशासक की सलाहकार समिति की बैठक के दौरान किरण ने कहा था कि प्रशासन को फिल्म सिटी के लिए जमीन देनी चाहिए, क्योंकि इससे कई युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
फिल्म सिटी की सात साल पहले तैयार हुई थी योजना
चंडीगढ़ में फिल्म सिटी की परियोजना पूर्व प्रशासक डॉ. एसएफ रोड्रिग्स के कार्यकाल में सात साल पहले तैयार की गई थी। फिल्म सिटी परियोजना के तहत फिल्म स्टूडियो, मल्टीमीडिया पार्क, मल्टीमीडिया एंटरटेनमेंट सेंटर और मल्टीमीडिया कॉलेज और शोध केंद्र स्थापित किया जाना था।
फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार हुई इस परियोजना को 1 मार्च, 2007 को काफी विवाद के बाद पार्श्वनाथ डेवलपर्स को सौंपा गया था। बाद में विवाद बढ़ने यह प्रोजेक्ट रद्द कर दिया गया था। ऐसे में अब प्रशासन दोबारा से फिल्म सिटी बनाने की हिम्मत नहीं कर रहा है।
एक माह देरी से भेजा मास्टर प्लान
यूटी प्रशासन ने दो दिन पहले चंडीगढ़ का ड्राफ्ट मास्टर प्लान केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया। पिछले माह नई दिल्ली में हुई बैठक में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने प्रशासन से 10 अगस्त तक केंद्र को मास्टर प्लान का ड्राफ्ट भेजने को कहा था। लेकिन, प्रशासन ने लगभग एक माह देरी से केंद्र सरकार को मास्टर प्लान का ड्राफ्ट मंजूरी के लिए भेजा है।
अब केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद चंडीगढ़ के ड्राफ्ट मास्टर प्लान की अधिसूचना को जारी कर दी जाएगी। 30 अक्तूबर से पहले इसकी अधिसूचना होनी है। मास्टर प्लान के ड्राफ्ट के साथ शहर के लोगों द्वारा दिए गए सुझावों को लेकर तैयार बोर्ड ऑफ इंक्वॉयरी की रिपोर्ट के अलावा सलाहकार समिति के सदस्यों के सुझावों को भी संलग्न किया गया है।
कोट..........
मास्टर प्लान में फिल्म इंस्टीट्यूट का प्रावधान किया गया है। इंस्टीट्यूशनल एरिया में फिल्म इंस्टीट्यूट बनाने का प्रस्ताव है। फिल्म सिटी के लिए जमीन ज्यादा चाहिए थी और चंडीगढ़ में इतनी जमीन नहीं है।
केके शर्मा, सलाहकार, यूटी प्रशासक