चंडीगढ़ में मतगणना के लिए किए गए ये इंतजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूटी प्रशासन ने लोकसभा चुनाव के लिए होनी वाली मतगणना को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। यूटी के चुनाव विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को मतगणना स्थल की तैयारियों का जायजा लिया।
शुक्रवार दोपहर को यह तय हो जाएगा कि चंडीगढ़ का अगला सांसद कौन होगा। राजनीतिक दलों के साथ-साथ शहर के आम लोगों में भी परिणाम को लेकर काफी उत्सुकता है।
इस बार केवल सेक्टर-26 स्थित चंडीगढ़ कालेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीसीईटी) में बने मतगणना केंद्र में सुबह 8 बजे मतों की गिनती शुरू होगी।
यहां 19 राउंड में 1038 ईवीएम की काउंटिंग होगी। इसके लिए 28 टेबल लगाए गए हैं। 200 से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सीसीईटी के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी
16 मई को मतगणना के दिन सीसीईटी के बाहर चुनाव विभाग की ओर से बड़ी स्क्रीन भी लगाई जाएगी, जिसमें परिणाम के जानकारी लोगों को बताई जाएगी। आधिकारिक तौर पर परिणाम दोपहर तीन बजे उपायुक्त कार्यालय में घोषित होने की उम्मीद है।
सभी 519 मतदान केंद्रों की 1038 ईवीएम सेक्टर-26 स्थित सीसीईटी में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गई हैं। अभी तक शहर में लोकसभा चुनाव में सीसीईटी के अलावा सेक्टर-11, 42 और 46 के सरकारी कालेजों में मतगणना केंद्र बनाए जाते थे।
हलांकि, इस साल शहर में मतदाताओं की संख्या बढ़ने से चुनाव विभाग ने सेक्टर-20 के गवर्नमेंट कालेज ऑफ एजुकेशन में भी मतगणना केंद्र बनाने की योजना तैयार की थी। लेकिन, चुनाव आयोग ने इसकी मंजूरी नहीं दी और चुनाव विभाग से एक ही मतगणना केंद्र बनाने को कहा।
एसएमएस पर मिलेगी पल-पल की जानकारी
यूटी प्रशासन के चुनाव विभाग की ओर से शहर को लोगों को चुनाव परिणाम की पल-पल की जानकारी मोबाइल पर दी जाएगी। कौन कितने वोट से आगे चल रहा है या किसे अब तक कितने वोट मिले हैं यह अलर्ट मोबाइल पर भेजा जाएगा।
अलर्ट को अपने मोबाइल पर हासिल करने के लिए लोगों को पहले अपने फोन नंबर को रजिस्टर कराना होगा। रजिस्ट्रेशन कराने के लिए अपने मोबाइल से आरईजी टाइप कर 9216164606 पर एसएमएस भेजना होगा। जिन्होंने रजिस्ट्रेशन कराया है उन्हें मोबाइल पर अलर्ट मिलेगा।
काउंटिंग एजेंट बनने के लिए होड़
मतगणना के दिन राजनीतिक दलों के काउंटिंग एजेंट बनने के लिए होड़ लगी है। हर राजनीतिक दल एक-एक टेबल पर अपना एक एजेंट नियुक्त कर सकता है।
ऐसे में 28 काउंटिंग एजेंट बनने हैं। काउंटिंग एजेंट बनने के लिए स्थानीय नेताओं ने खूब जोर आजमाइश की है।
17 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला
चंडीगढ़ से इस बार 17 उम्मीदवारों ने लोकसभा चुनाव लड़ा था। ऐसे में 16 मई को इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम खुलने के साथ ही तय हो जाएगा। शहर में इस बार 6,13,939 मतदाता थे और इनमें से 4,53,314 ने मतदान किया था।
शहर में 73.84 फीसदी वोटिंग हुई थी। शहर में 3,32, 888 पुरुष मतदाताओं में से 2,44,901 ने मतदान किया था और 2,81,051 महिला मतदाताओं में से 2,08,413 ने मतदान किया था।