फोम फैक्ट्री में लगी भीषण आग, जिंदा जले तीन मजदूर, कई और झुलसे...सीएम ने मांगी रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के बरनाला में बाजाखाना रोड पर स्थित एक फोम फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर 12 बजे धमाका होने के बाद आग लग गई। इसमें झुलसने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, कई मजदूर घायल हो गए। जानकारी के अनुसार स्थानीय बाजाखाना रोड पर पिछले कई साल से फोम फैक्ट्री चल रही है, लेकिन फैक्ट्री का कोई भी नाम दर्ज नहीं है। जिला प्रशासन आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुट गया है। वहीं बेनामी फैक्ट्री क्यों चल रही थी, इसकी भी जांच शुरू कर दी गई है।
फैक्ट्री में लगी आग से अंदर काम कर रहे कई मजदूरों की बाइक जलकर राख हो गई। आग पर काबू पाने के लिए बरनाला, मानसा, संगरूर, बठिंडा से 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। देर शाम तक भी आग धधक रही थी। घटनास्थल पर पहुंचे डीसी धर्मपाल गुप्ता और एसएसपी हरजीत सिंह ने बताया कि घटना की तह तक जांच करवाई जाएगी।
फैक्ट्री पर किसी भी लिमिटेड कंपनी का नाम अंकित नहीं है, इसकी भी जांच होगी। इसके अलावा इस हादसे में मारे गए मजदूरों के परिवारों और घायलों को मुआवजा दिलवाने के लिए सरकार को पत्र लिखा जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि आग की चपेट में आने से मजदूर सिकंदर सिंह निवासी चीमा, साधू सिंह निवासी गांव चीमा और जगजीत सिंह निवासी गिल कोठे शहणा की मौत हो गई।
लोगों का आरोप, फैक्ट्री में पड़े थे अवैध गैस सिलिंडर
फोम फैक्ट्री कई तरह के आरोपों में घिर गई है। फैक्ट्री के इर्द गिर्द रहने वाले लोगों का कहना है कि इस फैक्ट्री के अंदर कई गैस सिलिंडर पडे़ रहते थे। लोगों ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सिलिंडर फैक्ट्री में कहां से आते थे, इसकी भी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। आग लगने का पता लगते ही आस-पास के गांवों के लोग फैक्ट्री पहुंचने शुरू हो गए। लोगों का आरोप था कि फैक्ट्री गैरकानूनी ढंग से चलाई जा रही थी।
वहीं फैक्ट्री मालिक विजय कुमार पुत्र भीमसेन निवासी बरनाला ने मीडिया से किसी भी तरह की बात करने और मिलने से साफ मना कर दिया है। डीसी धर्मपाल गुप्ता और एसएसपी हरजीत सिंह ने कहा कि पूरे घटनाक्रम और सभी आरोपों की गहनता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मामले में किसी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी।
कैप्टन ने बरनाला में हुए अग्निकांड की रिपोर्ट मांगी
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को बरनाला के डिप्टी कमिश्नर से एक औद्योगिक गोदाम में आग लगने की घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसमें तीन व्यक्ति मारे गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के वारिसों के लिए एक-एक लाख रुपये की एक्स-ग्रेशिया अनुदान का भी एलान किया। यह हादसा तपा सब-डिविजन के गांव उगोके के एक औद्योगिक गोदाम में हुआ।
कैप्टन ने इस हादसे पर दुख जाहिर किया है। डिप्टी कमिश्नर को दिए आदेश में मुख्यमंत्री ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए घटना की विस्तृत जांच के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने बारे सुझाव देने को भी कहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने तपा के एसडीएम को इस संबंध में जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा है। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर धर्म पाल गुप्ता ने जिला पुलिस प्रमुख और एसडीएम के साथ घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ितों के परिवारों के साथ भी मुलाकात की।