Punjab News: प्रदेश में सड़क हादसों में गई छह की जान, बटाला में भाई-बहन की मौत से कोहराम
फिरोजपुर जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा गांव कोहला के पास हुआ। यहां धान से लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस ने केस दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बटाला के अड्डा रंगड नंगल के पास मंगलवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे एक बस ने बाइक पर सवार तीन लोगों को अपने चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान गुरप्रीत सिंह (18) निवासी धुद जिला अमृतसर और हरमनप्रीत कौर (16) के रूप में हुई है। जबकि घायल महिला की पहचान गुरजीत कौर के रूप में हुई है।
घायल महिला का इलाज बटाला के सिविल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गुरजीत कौर पत्नी नरिंदर सिंह मंगलवार अपने बेटे गुरप्रीत सिंह और बेटी हरमनप्रीत कौर के साथ अपने मायके बटाला के गांव अम्मोनंगल आई थी।
मंगलवार शाम को जब तीनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बटाला से अपने गांव धुद की तरफ जा रहे थे तो रास्ते में रंगड नंगल के पास मेहता साइड से बटाला की तरफ आ रही बस ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर से बस चालक फरार हो गया और पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना रंगड नंगल के जांच अधिकारी पलविंदर सिंह सोहल ने बताया कि दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुरदासपुर में हादसे में एक की मौत
राधा स्वामी सत्संग भवन बहरामपुर के पास अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। बहरामपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सलविंदर सिंह उर्फ छिंदा निवासी अवांखा, थाना दीनानगर ने बताया कि उनके ससुर हरभजन सिंह निवासी उच्चा धकाला, दोरांगला अपने मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे उन्हें पता चला कि हरभजन सिंह को राधा स्वामी सत्संग भवन के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो उनके ससुर के सिर में गंभीर चोट पहुंची थी। उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
फिरोजपुर: ट्रक और बाइक की भिड़ंत में महिला की मौत
फिरोजपुर जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा गांव कोहला के पास हुआ। यहां धान से लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। ट्रक का पिछला टायर महिला के सिर पर चढ़ गया। थाना मल्लांवाला पुलिस ने मंगलवार को आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सर्बजीत सिंह निवासी फत्तेहगढ़ सभरां ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी कुलविंदर कौर व साली जसविंदर कौर (38) के साथ बाइक से गांव खोसा दल सिंह से मल्लांवाला आ रहे थे। जैसे ही गांव कोहला के पास पहुंचे तो धान से लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक समेत तीनों सड़क पर गिर पड़े। ट्रक का पिछला टायर जसविंदर कौर के सिर पर चढ़ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाकी दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। थाना मक्खू पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अकाली नेता नौनी मान के रसोइये की सड़क हादसे में मौत
उधर, दूसरे हादसे में अकाली नेता वरदेव सिंह नौनी मान के रसोइये की सड़क हादसे में मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की जांच शुरू कर दी है। बलकार सिंह निवासी शहीद उधम सिंह चक्क मन्ने वाला ने पुलिस को बताया कि उसका भाई महेंद्र सिंह जलालाबाद के गांव चक्क सुहेलेवाला निवासी अकाली नेता वरदेव सिंह नौनी मान के पास पिछले 15 वर्षो से रसोइये का काम कर रहा था।
दीपावली की रात भाई अपनी बाइक से गांव चक्क मन्ने वाला में श्री अखंड पाठ का भोग डलवाकर जलालाबाद लौट रहा था। इस दौरान वह पीछे दूसरे बाइक पर था। जब महेंद्र सिंह नहर पुल के नजदीक से गुजर रहा था तो एक काले रंग की थार गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से वह गंभीर जख्मी हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जैतो के पास सड़क हादसे में एक की मौत, एक गंभीर घायल
फरीदकोट जिले के उपमंडल जैतो के कोटकपूरा रोड पर सोमवार शाम सड़क हादसे में एक नौजवान की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सोमवार देर शाम जैतो के कोटकपूरा रोड स्थित जीएम पैलेस के पास दो मोटरसाइकिल सवारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसके बाद जैतो से कोटकपूरा की तरफ जा रहे युवा हड़बड़ाहट में बाइक से भागे। मगर एक कार को ओवर टेक करते वक्त बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल सीधे एक पेड़ से जा टकराया।
सूचना मिलने पर नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के संरक्षक छजू राम, अध्यक्ष मन्नू गोयल, उपाध्यक्ष सेनखर सरमन, अध्यक्ष नीता गोयल, एंबुलेंस चालक मीत सिंह मीता घटना स्थल पर पहुंचे और दोनों मोटरसाइकिल सवारों को सरकारी सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों को कोटकपूरा के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें से एक युवक को कोटकपूरा सिविल अस्पताल के डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान कृष्णा सिंह (21) पुत्र तरसेम सिंह सेमा निवासी ब्राहमण वाला जिला फरीदकोट के रूप में हुई है। दूसरे मोटरसाइकिल सवार दर्शन सिंह (31) पुत्र मनिंदर सिंह निवासी कम्मेआणा (फरीदकोट) को बठिंडा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।