पंजाब ड्रग रैकेट में भाजयुमो का पूर्व जिला प्रधान गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब ड्रग रैकेट में भाजयुमो के पूर्व प्रधान जसपाल सिंह संधू उर्फ जिम्मी को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल वह एक दिन के रिमांड पर है। उस पर नशा तस्कर अमृतपाल सिंह की पैसे लेकर मदद करने का आरोप है।
इस मामले से जुड़े भाजपा के मल्लांवाला सर्कल के पूर्व प्रधान गुरचरण सिंह, भाजपा के पूर्व जिला प्रधान जोगराज सिंह व डीएसपी बलविंदर सिंह सेखों अब भी गिरफ्त से बाहर हैं। एक आरोपी लखविंदर सिंह की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
बता दें कि पुलिस ने 20 जून को तस्कर अमृतपाल सिंह समेत चार लोगों को चार किलो हेरोइन, दो पिस्तौल व 44 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने अमृतपाल सिंह के पास से सौ ग्राम हेरोइन और दो पिस्तौल व कुछ कारतूस दिखाए थे और बाकी की हेरोइन गायब कर दी थी।
तस्कर के साथियों को बचाने को लिए थे 15 लाख
अमृतपाल सिंह के साथ पकड़े गए बाकी लोगों को छुड़वाने के लिए कथित तौर पर पंजाब पुलिस के डीएसपी बलविंदर सिंह सेखों, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला प्रधान जसपाल सिंह संधू उर्फ जिम्मी, मल्लांवाला के पूर्व सर्कल प्रधान गुरचरण सिंह व पूर्व जिला प्रधान जोगराज सिंह कटोरा ने अमृतपाल सिंह के परिवार वालों से 15 लाख रुपये लिए थे।
इसके एवज में बाकी लोगों को केस से निकाला गया। एसएसपी हरदयाल सिंह मान को जब इसकी भनक लगी तो मामले की पड़ताल शुरू की गई। जांच में जिम्मी और अन्य लोगों पर फर्जी असलहा लाइसेंस में फंसे डीसी ऑफिस के क्लर्क मनोज खट्टर के भाई से भी 15 लाख रुपये लेने का खुलासा हुआ।
इसके बाद पुलिस ने जिम्मी, गुरचरण सिंह और लखविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था और जोगराज सिंर कटोरा व बलविंदर सिंह सेखों के खिलाफ जांच के आदेश दिए थे। एफआईआर में इन आरोपियों ने कटोरा व डीएसपी पर पैसे के लेन-देन के आरोप लगाए थे। पुलिस ने लखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया था जबकि जिम्मी को शनिवार रात को गिरफ्तार किया है।