पंजाब में पुलिस ने पकड़ी 468 पेटी शराब, घूस की पेशकश करने वाला भी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के फगवाड़ा में पुलिस ने कैंटर में लदी 468 पेटी शराब बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया है। एसपी का दावा है कि शराब तस्कर की ओर एक व्यक्ति ने थाना प्रभारी सुरजीत सिंह पतड़ एक लाख रुपये रिश्वत देने की पेशकश की। थाना प्रभारी ने रिश्वत की पेशकश करने वाले को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिश्वत विरोधी अधिनियम और चालक के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामला फगवाड़ा के सतनामपुरा पुलिस थाना का है।
एसपी मनदीप सिंह ने बताया कि सतनामपुरा थाना प्रभारी सुरजीत सिंह पतड़ ने गुप्त सूचना के आधार पर हदियाबाद रोड पर नाकाबंदी की थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कैंटर रोका। कैंटर दिलजोत सिंह उर्फ जोती पुत्र सुरजीत सिंह निवासी नंगर फिड्डा थाना भोगपुर, जिला जालंधर चला रहा था। मौजूदा समय में वह धक्का कालोनी फिल्लौर का रहने वाला है। तलाशी में कैंटर से 468 पेटी शराब बरामद हुई। एसपी ने बताया कि कैंटर के आगे सफेद रंग की सैंट्रो कार चल रही थी। कैंटर रोकने पर कार में सवार दो व्यक्ति वाहन समेत फरार हो गए।
इस बीच एक क्रेटा गाड़ी पुलिस टीम के पास आकर रुकी, जिसमें दो मोने व एक सरदार व्यक्ति मौजूद था। एक मोना व्यक्ति क्रेटा से उतर कर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह पतड़ के पास आया। उसने अपना परिचय रमन प्रीत सिंह पुत्र जोरा सिंह निवासी ए अर्बन इस्टेट रुरल लुधियाना बताया।
फिल्मी तरीके से करते थे तस्करी
बकौल एसपी रमनप्रीत ने थाना प्रभारी को बताया पकड़ी गई शराब व गाड़ी मनप्रीत सिंह मन्ना ट्रांसपोर्टर चीमा चौक लुधियाना की है, जो अपने साथी जसप्रीत सिंह के साथ क्रेटा गाड़ी में बैठा है। रमनप्रीत ने कहा कि मन्ना ने उसे एक लाख रुपये बतौर रिश्वत देकर भेजा है। मामले में उसका नाम (मन्ना) न आए और बरामदी कम दिखाई जाए। आगे से महीना सेट कर लेंगे।
एसपी ने बताया कि थाना प्रभारी पतड़ ने रमनप्रीत सिंह को रिश्वत के एक लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया और आला अधिकारियों को सूचित कर दिया। एसपी ने बताया रमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना व उसके साथी जसप्रीत सिंह के खिलाफ रिश्वत विरोधी अधिनियम व 120बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इसकी जांच एएसपी संदीप मलिक करेंगे। इसमें मनप्रीत सिंह व जसप्रीत सिंह की गिरफ्तारी बाकी है। कैंटर ड्राइवर दिलजोत सिंह के खिलाफ एक्साइज एक्ट का मामला दर्ज किया गया है।
एसपी मनदीप सिंह ने बताया शराब तस्करी की कार्यशैली फिल्मी थी। कैंटर ड्राइवर को नहीं पता होता की शराब कहां से आई है और कहां जानी है। शराब आने और जाने के स्थान के बीच दो तीन ड्राईवर बदले जाते थे। उन्होंने बताया कि जहां से शराब चलती, वहां से कैंटर एक ड्राइवर लेकर चलता। मालिक उसको फोन पर रास्ते में एक ढाबे पर रुकने को कहता है।
उसे एक आदमी की पहचान बता कर कहा जाता कि कैंटर उसके हवाले कर दे। इसके बाद दूसरे ड्राईवर को शराब पहुंचने की जगह से पहले एक ढाबे पर रुकने के लिए कहा जाता था। यहां गाड़ी तीसरे ड्राइवर को हवाले कर दी जाती थी। वह कैंटर गंतव्य तक पहुंचाता है। पुलिस इस मामले की तह तक जाने में जुटी है।
राजपुरा में 21 बोतल अवैध शराब सहित गिरफ्तार
वहीं राजपुरा सिटी पुलिस ने एक व्यक्ति को 21 बोतल अवैध शराब सहित गिरफ्तार कर एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। हेड कांस्टेबल भूपिंदर सिंह ने गश्त के दौरान भोगलां रोड के पास बिना नंबर के स्कूटर को शक के आधार पर रोका। तलाशी में स्कूटर से 21 बोतल शराब मिली। इस पर पुलिस ने आरोपी राजपुरा टाउन निवासी मुनीश सोनी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
60 बोतल शराब के साथ 2 गिरफ्तार, एक फरार
पठानकोट के थाना मामून और शाहपुरकंडी पुलिस ने 60 बोतल शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
मामून थाना पुलिस ने सोहन लाल निवासी बुंगल और बाबूराम निवासी ढांगू सरां को गश्त के दौरान 12 बोतल के साथ गिरफ्तार किया। सभी बोतलें चंडीगढ़ मार्का थीं और आरोपी बाइक पर सवार होकर इलाके में शराब बेचने जा रहे थे। थाना शाहपुरकंडी के एसएचओ दलविंद्र शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव मैरा निवासी बलबीर सिंह दूसरे राज्यों से शराब लाकर बेचता है औगांव के आम वाले बाग के पास ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। रेड करने पर बलबीर मौके से भाग गया। पुलिस ने बाग से शराब की 48 बोतलें बरामद कीं।