चंडीगढ़ः ट्रैफिक कांस्टेबल को फौजी पति ने सरेआम चाकू से गोदा, कुछ महीने पहले ही हुई शादी
स्कूटी पर सवार होकर ड्यूटी पर जा रही महिला कांस्टेबल भूपिंदर कौर (25) पर उसके ही पति शमशेर सिंह ने चाकू से हमला कर दिया। घटना किशनगढ़ आईटी पार्क चौराहे के पास गुरुवार सुबह पौने नौ बजे हुई।
सूचना पर पहुंची आईटी पार्क थाने की पुलिस ने उसे पीजीआई पहुंचाया। पता चला है कि दोनों में विवाद था, जिसके बाद से अलग-अलग रह रहे थे। भूपिंदर सात माह की प्रेग्नेंट है।
महिला कांस्टेबल भूपिंदर कौर ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात हैं। वह स्कूटी लेकर सुबह पौने नौ बजे ड्यूटी के लिए निकली थी। किशनगढ़ आईटी पार्क चौराहे पर पहुंची तो एक्टिवा पर सवार होकर आए शमशेर सिंह ने उसका रास्ता रोक लिया। कुछ देर बातचीत की लेकिन जैसे ही भूपिंदर ने अपनी स्कूटी आगे बढ़ाई शमशेर ने उनकी पीठ में चाकू से तीन वार कर दिए।
घायल होकर भूपिंदर वहीं गिर गई। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस पहुंच गई और हाथ में चाकू लिए खड़े शमशेर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही भूपिंदर को पीजीआई पहुंचाया। दोपहर को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि भूपिंदर कौर अपने पति से अलग किशनगढ़ में रहती हैं। पिछले साल नवंबर में उनकी शादी अमृतसर के उप्पल गांव निवासी शमशेर सिंह (21) के साथ हुई थी। शमशेर सेना की 13 सिख रेजिमेंट में हैं। फिलहाल नागालैंड पोस्टेड है।
नौकरी छोड़ने का बनाता था दबाव, पीटता भी था
भूपिंदर कौर के बयान अनुसार शादी के बाद से ही शमशेर सिंह उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाता था। मना करने पर वह उसके साथ मारपीट करता था। भूपिंदर ने नया गांव थाने में 13 मई 2018 को शिकायत भी दी थी। लेकिन यह सिलसिला नहीं रुका। इसके बाद वह किशनगढ़ में आकर रहने लगी।
चोरी की एक्टिवा पर आया था आरोपी पति
पुलिस जांच में सामने आ रहा है कि जिस एक्टिवा पर शमशेर सिंह किशनगढ़ चौराहे पर पहुंचा था, वह भी उसने दो दिन पहले सेक्टर -29 से चुराई थी। एक्टिवा किसकी है, इसकी जांच की जा रही है।