घर में कारीगर को बुलाने से पहले यह खबर पढ़ लें
धनास स्थित एक घर में सोमवार को आलमारी की चाबी बनाने आए दो अज्ञात व्यक्तियों ने घर के सदस्यों को बातों में उलझाया और आलमारी से लाखों के गहने व 28 हजार नगदी चुरा ले गए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दे दी है। मकान नंबर-188 में रहने वाली रीता ने पुलिस को बताया कि सोमवार को मकान के नीचे चाभी बनाने वाले दो लोग घूम रहे थे।
उन्होंने दोनों को आलमारी की चाबी बनाने के लिए बुलाया। इसके बाद एक व्यक्ति परिवार के सदस्यों को बातों में उलझाए रखा और दूसरा आलमारी के पास चाबी बनाने लगा। चाबी बनाने के बाद दोनों ने कहा कि आलमारी का लॉक सेट किया है। इसलिए उसे एक घंटे तक खोलना ही खोलना है, वरना लॉक की सेटिंग खराब हो सकती है।
उसके कहने के अनुसार ही उन्होंने आलमारी खोली तो गहने व नगद गायब थे। चोरों ने सोने की चेन, सोने की तीन अंगूठी, सोने का मांग टीका, चांदी के पायल, मंगलसूत्र और 28 हजार नगद चुरा ले गए।
कारीगर आए तो ये सावधानियां बरतें
- घर में किसी तरह का काम कराते समय कारीगरों पर पैनी नजर रखें
- चाबी बनाने वाले, गहने साफ करवाने वालों की बातों में न उलझें, अपने सामने काम कराएं
- पेमेंट करने और कारीगरों से जाने से पहले घर का सामान जरूर चेक कर लें
- शक होने पर बिना तसल्ली किए अज्ञात व्यक्तियों को नहीं जाने दें
- चोरी की बात सामने आने पर पुलिस को तत्काल सूचित करें