दर्दनाक सड़क हादसा, दिल्ली के छात्र समेत दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जीटी रोड पर कुराड़ के पास एक ढाबे के सामने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कार सवार इंजीनियरिंग के दो छात्रों की मौत हो गई और उनके दो साथी घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
हादसा हरियाणा के करनाल में राई के पास हुआ। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे का शिकार हुए दोनों छात्र आईआईटीएम मुरथल के छात्र थे।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में कार की टक्कर से एक स्कूल बस भी पलट गई। गनीमत रही की बस में बच्चे नहीं थे। चालक भी चोटिल होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार रोहिणी दिल्ली निवासी मन्नी चावला मुरथल स्थित आईआईटीएम इंजीनियरिंग संस्थान में बीटेक का छात्र था। बुधवार को वह अपने साथी रोहिणी दिल्ली निवासी रोहित के साथ अपने संस्थान में आया था।
बुधवार दोपहर बाद दोनों साथी अपनी गाड़ी में सीएनजी भरवाने व खाना खाने के लिए संस्थान से निकल लिए। इसी दौरान मन्नी के दो साथी घरोंड़ा, करनाल निवासी अरुण व गांव परनोट, जम्मू निवासी पारस भी उनकी कार में सवार हो गए।
अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, कार अनियंत्रित
कार को मन्नी सिंह चला रहा था। बाद में वह खाना खाने के बाद लड़सौली पंप से सीएनजी लाने के लिए निकल गए। जब वह एक ढाबे के सामने पहुंचे तो इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
इससे कार अनियंत्रित होकर दिल्ली-पानीपत लेन से पानीपत-दिल्ली लेन पर आ गई। कार दूसरी लेन पर पानीपत की तरफ से आ रही निजी स्कूल बस से टकरा गई, जिससे बस भी पलट गई। हादसे में कार सवार मन्नी चावला व पारस की मौत हो गई।
वहीं रोहित व अरुण की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना के बाद पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उन्हें परिजन निजी अस्पताल में ले गए। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरेश कुमार, जांच अधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया था। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।