ठंड से बचने को मजदूरों ने जलाई अंगीठी, पर बन गई जहरीली हवा, दम घुटने से 4 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रात को खाना-खाकर सोए चार मजदूर सुबह मृत मिले। घटना के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों की मौत दम घूटने से हुई है। दरअसल, मजदूर अंगीठी जलाकर कमरे में सोए थे। इस वजह से वहां जानलेवा गैस बन गई और उनकी मौत हो गई। मामला हरियाणा के सोनीपत जिले के राई क्षेत्र का है। यहां के गांव रामनगर के पास एक निर्माणाधीन फैक्ट्री में अंगीठी जलाकर सोना चार मजदूरों के लिए जानलेवा साबित हुआ।
ठंड से बचने के लिए मजदूरों ने कमरे की खिड़की व दरवाजे पर तिरपाल लगा ली और अंदर जाकर सो गए। कमरे में अंगीठी के चलते जहरीली गैस की मात्रा अधिक होने से दम घुटकर मौत हो गई। जब वह मंगलवार सुबह उठकर बाहर नहीं आए तो साथी मजदूरों ने उनके कमरे में जाकर देखा। वहां चारों मृत पड़े मिले तो पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव रामनगर के पास एक फैक्ट्री का निर्माण चल रहा है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने वहां पास में ही अस्थायी आवास बना रखे हैं। रात को एक कमरे में बिहार के जिला मधुबनी के गांव सुगापट्टी का रहने वाला घुरन यादव (42) व सिगेश्वर यादव के अलावा बनरझुला गांव के रहने वाले प्रभास यादव (23) व सुरज नारायण यादव (25) सोने चले गए। फैक्ट्री यमुना के खादर क्षेत्र में जंगल में होने के कारण यहां रात को ठंड अधिक हो जाती है। साथ ही कमरों में खिड़की व दरवाजों पर गेट भी नहीं है।
जिसके चलते चारों ने अपने कमरे में सर्दी से बचने के लिए अंगीठी जला ली। साथ ही उन्होंने खिड़की व दरवाजे से हवा अंदर ना आ सके, इसके लिए तिरपाल लगा लिया। जिसके बाद सभी कमरे में सो गए। ठेकेदार ब्रिज कुमार यादव ने बताया है कि चारों रात करीब 9 बजे खाना खाकर सोए थे। सुबह जब वह देर तक उठकर बाहर नहीं आए तो उन्हें देखने के लिए उनके कमरे में गए।
वहां पर चारों मृत अवस्था में पड़े थे। आसपास रहने वाले मजदूरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शवों को सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का पता लग सकेगा। फिलहाल अंदेशा है कि कमरे में अंगीठी के चलते बनी गैस में दम घुटकर मौत हुई है।
निर्माणाधीन फैक्ट्री में बने अस्थायी कमरे में सो रहे चार मजदूरों की मौत हो गई है। उनके कमरे में अंगीठी मिली है। जिसे वह जलाकर सोए थे। जिससे लगता है कि कमरा बंद होने के चलते अंगीठी से कमरे कोई जहरीली गैस बन गई और उनकी दम घुटने से मौत हो गई। हालांकि मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद लग सकेगा। पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा। -बलराज सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल