फैशन शो में विवाद, गोलीबारी से दहला पीयू कैंपस, छात्र नेता घायल
पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस शुक्रवार रात को फैशन शो के दौरान गोलियों से दहल उठा। इस दौरान छात्र संगठनों के बीच मारपीट के साथ गोलीबारी हुई। इस संघर्ष में सोई कैंपस प्रेसिडेंट मनप्रीत सिंह औलख समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए देर रात तक हॉस्टलों में छापामारी कर कई छात्रों को हिरासत में ले लिया। छात्रों के घायल होने की सूचना पर सेक्टर 16 जीएमएसएच के बाहर छात्रों का जमावड़ा लग गया।
सोई के सीनियर नेता विक्की मिड्डूखेड़ा ने बताया कि लॉ ऑडिटोरियम में चल रहे फैशन शो के दौरान पूसू के सदस्य हूटिंग कर रहे थे। जब उनको रोका गया तो उन्होंने बाहर निकलने पर पीटने की धमकी दी। उस समय तो पुलिस ने दोनों पार्टियों को शांत करवा दिया। लेकिन जैसे ही मनप्रीत औलख व अन्य छात्र स्टुडेंट सेंटर के निकट पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग की पार्किं ग में पुहंचे तो वहां पर पहले से खड़े करीब दर्जन भर लड़कों ने रॉड व डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने पिस्टल से गोलियां भी दागीं।
सोई कैंपस अध्यक्ष मनप्रीत औलख की जांघ में गोली लगी। जबकि सोई के दूसरे दस्य संजू के सिर पर चोटें लगीं। उसके सिर पर आठ टांके लगे हैं। इसके अलावा इसी छात्र संगठन के तीसरे सदस्य जश्नप्रीत सिंह के हाथ में चोटें आई हैं। तीनों का इलाज जीएमएसएच-16 में चल रहा है। डाक्टरों ने तीनों की हालत स्थिर बताई है। इस संघर्ष के दौरान पूसू सदस्य रेशम सिंह गोदारा के गले पर चोटें आई हैं। उसको पीजीआई में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए छात्रावासों में देर रात तक छापेमारी जारी रही। छापामारी के दौरान पुलिस ने पूसू केकई सदस्यों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि हमलावरों में चार पूसू सदस्यों रेशम सिंह गोदारा, नवल किशोर, सुशमनी और एसके शामिल थे। इनकेसाथ 5 से 8 अन्य युवक भी हमले में शामिल थे। हमले की सूचना मिलते ही पीयू के सारे गेट बंद करवा दिए गए। करीब आधे घंटे तक गेंट बंद रहे। लेकिन इसके बावजूद आरोपी पीयू से बच निकलने में कामयाब रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर फिल्मी अंदाज में भागते हुए गोलियां दाग रहे थे। इसके कारण किसी की हिम्मत नही हुई कि हमलावरों को पकड़ सके। मौके पर मौजूद छात्रों के अनुसार हमलावरों में कुछ बाहर के छात्र के भी थे।