किसान ने जमीन देने से मना किया, तो 3 युवकों ने उठाया खौफनाक कदम...परिवार में पसरा मातम
हरियाणा के ओढां में तीन लोगों ने मिलकर एक किसान की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। सूचना के बाद रोड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना के बाद डीएसपी, सीआईए पुलिस व सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार शाम हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना ओढां के गांव भादडा की है।
भादड़ा निवासी किसान हरफूल सिंह ने अपनी 8 एकड़ भूमि को पंजाब के रत्ताखेड़ा निवासी तीन लोगों को पांचवें हिस्से पर दी थी। खरीफ की फसल उठाने के बाद हरफूल सिंह ने उक्त लोगों को हिस्से पर देने से मना कर दिया था। इसी बात से उक्त लोग हरफूल सिंह से खफा चल रहे थे। मृतक के पुत्र कृष्ण कुमार के अनुसार रविवार बाद दोपहर उसका पिता हरफूल खेत में ट्यूबवेल की मोटर बंद करने के लिए गया था।
जब वह देर सांय तक घर नहीं पहुंचा तो वह अपने चचेरे भाइयों के साथ उन्हें ढूंढने के लिए पहले हिस्सेदारों के कमरे में गया। तीनों हिस्सेदार गांव के ही जलघर के पास खाली क्वार्टर में रहते थे। लेकिन कमरे पर ताला लगा हुआ मिला। इसके बाद वह पिता को ढूंढते हुए खेत में पहुंचा तो मोटर के कमरे में ताला लगा हुआ था। जब उन्होंने मोबाइल की रोशनी से दीवार के एक झरोखे में से देखा तो उसका पिता अंदर पड़ा हुआ था।
सूचना पाकर रोड़ी थाना प्रभारी सत्यवान शर्मा ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़कर हरफूल को बाहर निकाला तो वह मृत अवस्था में था। वहीं सूचना के बाद कालांवाली के डीएसपी नरसिंह, सीआईए पुलिस व सीन ऑफ क्राईम टीम मौके पर पहुंची। मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट का निशान पाया गया है।
हरफूल सिंह के पास 8 एकड़ भूमि है। हरफूल सिंह ने घर के कार्य की अधिकता के चलते इस वर्ष अपनी जमीन पंजाब के गांव रत्ताखेड़ा के रहने वाले बलविन्द्र सिंह, जसवंत सिंह व गुरविन्द्र सिंह को पांचवें हिस्से पर दी थी। उक्त तीनों व्यक्ति गांव के जल घर में खाली पड़े सरकारी क्वार्टर में अकेले ही रहते थे। मृतक के पुत्र कृष्ण के मुताबिक उक्त लोगों की कार्य में रूचि न देखकर उसका पिता उन्हें आगे भूमि देने से मना कर रहा था। इसी बात से हत्यारोपी रोष में थे। परिजनों के मुताबिक हरफूल सिंह की जेब में 35 हजार रुपये की नकदी थी, जिसमें से 5 हजार रुपये उसने मजदूरों को दे दिए थे। हत्यारोपी घटना के बाद नकदी भी निकाल ले गए।
पुलिस ने मृतक के पुत्र कृष्ण के ब्यान पर हत्यारोपी बलविन्द्र उर्फ बिन्द्र, जसवंत उर्फ जस्सा व गुरविन्द्र सिंह निवासी रत्ताखेड़ा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश कर उनका रिमांड हासिल किया जाएगा। -सत्यवान शर्मा, एसएचओ (रोड़ी)