रात में तांत्रिक ने ऐसे जमीन से निकाला सोने का घड़ा, फिर किसान से ठग लिए 23 लाख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तांत्रिक ने किसान को उसकी जमीन पर बनी झोपड़ी में सोने का घड़ा दबा होने की बात कहकर उससे 23 लाख रुपये ठग लिए। यही नहीं आरोपियों ने किसान के पास नकली दिल्ली पुलिस भेजकर पैसों की वसूली की। इसके अलावा किसान की 20 एकड़ जमीन हड़पने के लिए उससे जबरदस्ती दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवाए गए।
मामला मंडी गुरुहरसहाए का है। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने गुरुवार को पीड़ित किसान सुखदयाल चंद की शिकायत पर छह लोगों को नामजद कर 10 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
पीड़ित किसान ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके पास 20 एकड़ जमीन है। कुछ दिन पहले वह खेतों में कामकाज कर रहा था कि उसके पास कुछ लोग पहुंचे और कहने लगे कि उसके खेत में बनी झोपड़ी में सोने का घड़ा दबा है। घड़े में लाखों का सोना है। इसे निकाल लेते हैं और आधा-आधा कर लेंगे।
आरोपियों की बात को किसान ने स्वीकार नहीं किया। दो दिन बाद फिर आरोपी किसान के पास पहुंचे और कहने लगे कि उसे यकीन नहीं है तो रात के समय तांत्रिक बाबा आएंगे और उसे झोपड़ी में दबा सोने का घड़ा दिखाएंगे। आरोपी एक दिन रात के समय गुरदीप सिंह निवासी हजारा राम सिंह वाला जिला फाजिल्का को तांत्रिक बनाकर ले आए।
रात को झोपड़ी के अंदर जमीन को खोदकर एक घड़ा निकाला उसमें सोने जैसी चमक वाले जेवरात थे। आरोपियों ने सुखदयाल को हाथ लगाने से मना कर दिया और कहा कि हाथ लगाते ही सोना मिट्टी बन जाएगा। इसे प्राप्त करने के लिए एक ऐसी मिट्टी खरीदकर लानी होगी जिसे इस पर डालेंगे ताकि ये सोना बना रहे। ऐसी मिट्टी छह लाख रुपये की आएगी। सभी मिलकर पैसे डालेंगे।
किसान सुखदयाल से आरोपी चार लाख रुपये लेकर मिट्टी लाए और सोने को तोला तो साढ़े 17 किलो था। आरोपियों ने घड़े में से सोने के तीन बिस्कुट निकाल लिए और कहा कि इसे दिल्ली में बेचेंगे। इसकी कीमत साठ लाख रुपये है।
दिल्ली जाने की बात कहकर आरोपी चले गए और वापस फिर किसान के पास आए। वह कहने लगे कि तांत्रिक बाबा को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है और पुलिस 25 लाख रुपये मांग रही है। यदि पुलिस को नहीं दिए तो तुम्हें और हमें पुलिस पकड़कर ले जाएगी। किसान डर गया।
आरोपियों ने किसान के पास नकली दिल्ली पुलिस बनाकर कुछ लोग भेज दिए जो लाखों रुपये वसूल करके ले गए। किसान के मुताबिक आरोपियों ने उससे कुछ दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर करवाए हैं। किसान का कहना है कि आरोपियों ने इस तरह उससे 23 लाख रुपये की ठगी की है।
थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने किसान सुखदयाल के बयान पर आरोपी बलविंदर सिंह निवासी सुखेरा बोदला जिला फाजिल्का, हरमेश सिंह वासी गुरुहरसहाए, तांत्रिक गुरदीप सिंह और तीन अन्य आरोपी समेत दस के खिलाफ मामला दर्ज किया है।