दो युवकों ने एसबीआई को लगाया आठ करोड़ 70 लाख का चूना, जमीन भी दूसरे को बेची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो युवकों ने जाली कागजों के सहारे एसबीआई को करोड़ों का चूना लगा दिया। खुलासा होने पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। घटना पंजाब के फिरोजपुर का है। थाना सिटी पुलिस ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की श्री मुक्तसर साहिब शाखा से आठ करोड़ 70 लाख रुपये की ठगी मारने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने बैंक की जाली मोहरें लगाकर पूरा लोन अदा करने का जाली एनओसी सर्टिफिकेट बनवा लिया और माल विभाग को दिखाकर बैंक के पास रखी गिरवी जमीन बेच दी।
थाना सिटी पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि आरोपी फरार हैं। मामले की जांच कर रहे अधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि बैंक के चीफ मैनेजर रशपाल सिंह सिद्धू ने शिकायत दर्ज करवाई है कि आरोपी रमन जोसन निवासी चक्क सोतरियां वाला उर्फ बंदीवाला, अमनदीप जोसन निवासी निकट थाना सिटी जलालाबाद ने साल 2010 में एसबीआई की मेन ब्रांच श्री मुक्तसर साहिब से छह करोड़ रुपये की सीसी लिमिट और दो करोड़ 70 लाख का टर्म लोन समेत कुल आठ करोड़ 70 लाख रुपये का लोन लिया था।
पटवारी पर भी मिलीभगत के आरोप
लोन लेने की एवज में आरोपियों ने अपनी 117 कनाल तेरह मरले जमीन बैंक के पास गिरवी रखी थी। आरोपियों ने बैंक से ठगी मारने के लिए बैंक की जाली मोहरें लगाकर पूरा लोन अदा करने का जाली एनओसी सर्टिफिकेट तैयार किया और तीन जून 2014 को पटवारी को दे दिया।
पटवारी पर भी आरोपियों के साथ मिलीभगत के आरोप लग रहे हैं। पटवारी ने बैंक से संपर्क किए बिना आरोपियों को जमीन क्लीरेंस का सर्टिफिकेट दे दिया। आरोपियों ने चौदह जून 2014 को उक्त जमीन अन्य लोगों को बेच दी। इसकी जानकारी बैंक को लग गई। बैंक मैनेजर ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले में जांच करने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पटवारी से मिलकर बैंक के जाली दस्तावेज तैयार किए हैं और जमीन की क्लीरेंस लेकर आगे जमीन बेच दी है। आरोपियों ने बैंक के साथ ठगी मारने के साथ-साथ जिन लोगों को जमीन बेची है उनके साथ भी ठगी मारी है।