{"_id":"d4824f5c1e12326b986d82a8e074d352","slug":"chandigarh-four-boys-missed-in-ludhiana-of-punjab-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"चंडीगढ़ से लुधियाना आए 4 युवक रास्ते से लापता ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
चंडीगढ़ से लुधियाना आए 4 युवक रास्ते से लापता
ब्यूरो/अमर उजाला, लुधियाना
Updated Wed, 20 Jan 2016 08:21 PM IST
विज्ञापन
चंडीगढ़ से चार दिन पहले पंजाब के लुधियाना आए चार युवक वापिस लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। घर न पहुंचने पर चारों के परिजनों ने चंडीगढ़ के सेक्टर 26 स्थित पुलिस थाने में शिकायत दी।
विज्ञापन
पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए सेक्टर 27 डी में रहने वाले पवन शर्मा, उनके भांजे जयंत ऋषि, सेक्टर 42 सी निवासी प्रभजोत सिंह व सेक्टर 23 के रहने वाले राम की तलाश शुरू कर दी है। चंडीगढ़ पुलिस लुधियाना पुलिस के साथ संपर्क कर जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
पवन शर्मा के बड़े भाई पंकज शर्मा ने बताया कि पवन का रेडीमेड कपड़ों का काम है। उनका भांजा भी पवन के साथ ही काम करता है। पवन और जयंत के पास रामपाल और प्रमोद काम करते थे। उन्होंने लुधियाना में कई लोगों के पैसे देने थे। लुधियाना के लोगों ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी।
विज्ञापन
14 जनवरी को लुधियाना पुलिस ने चंडीगढ़ में छापामारी कर रामपाल और प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की ओर से उन्हें लाने के कुछ समय बाद पवन अपने भांजे और अन्य दो दोस्तों के साथ चंडीगढ़ से लुधियाना आए थे। सारी कार्रवाई करने के बाद देर रात पवन ने अपने भतीजे मानव शर्मा को फोन कर कहा कि वह लुधियाना से निकलने वाले हैं। दो घंटे में पहुंच जाएंगे।
इसके बाद वह नहर के रास्ते निकल गए। जब पवन घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने फोन पर संपर्क करना चाहा लेकिन उनका फोन बंद आ रहा था। पवन के परिजनों ने जयंत और अन्य दोनों युवकों के मोबाइल पर भी कॉल की लेकिन उनके फोन भी बंद थे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस मुख्यालय को दी। सेक्टर 26 स्थित पुलिस स्टेशन में भी शिकायत दर्ज करवाई गई।
पंकज ने बताया कि उन्होंने इस बारे में लुधियाना पुलिस कमिश्नर परमराज सिंह उमरानंगल और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस डॉ. नरेंद्र भार्गव से भी मुलाकात की। जब पवन के फोन की लोकेशन चेक करवाई गई तो लास्ट लोकेशन गांव गुरथली निकली।
पुलिस की एक टीम उनके साथ गांव गुरथली और एक दो अन्य जगहों पर जांच करने भी पहुंची लेकिन उन चारों युवकों का कुछ पता नहीं चला। पुलिस कमिश्नर परमराज सिंह उमरानंगल ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही युवकों का पता लगा लिया जाएगा।