पंजाब सीमा पर पाकिस्तान की नई साजिश, एके-47 समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद
- बीओपी न्यू गजनीवाला में शनिवार सुबह गश्त पर निकले जवानों को मिली सफलता
- फेंसिंग पार खेतों में पड़ा था हथियारों से भरा बैग, खेत के मालिक से भी पूछताछ जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएसएफ ने सरहद से पाकिस्तानी तस्करों की ओर से भारतीय तस्करों को भेजी हथियारों की खेप पकड़ी है। फिरोजपुर के थाना लक्खोके बहराम के अंतर्गत बीएसएफ की बीओपी न्यू गजनी वाला के पास शनिवार सुबह गश्त के दौरान जवानों को हथियारों से भरा बैग फेंसिंग पार खेतों में पड़ा मिला।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक बीओपी न्यू गजनी वाला के पास रात को पाकिस्तान की तरफ से तस्करों की हलचल महसूस हुई। शनिवार सुबह लगभग पांच बजे बीएसएफ बटालियन-124 के जवानों ने फेंसिंग पार खेतों में गश्त शुरू की। इसी दौरान उनकी नजर खेत में छिपाए एक बैग पर पड़ी। जवानों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। अधिकारियों के सामने बैग खोला गया। बैग में से तीन एके 47 राइफल, 6 मैग्जीन, 91 कारतूस, 2 एम-16 राइफल, 4 मैग्जीन, 57 कारतूस और दो 9 एमएम पिस्तौल, 4 मैग्जीन और 20 कारतूस बरामद हुए।
पूरे क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान
बीएसएफ के डीआईजी यशवंत सिंह ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद होने पर बीएसएफ ने पूरे क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान शुरू किया जो देर शाम तक जारी रहा। वहीं, जिस किसान के खेतों से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है, उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि सर्च अभियान समाप्त होने के बाद पूरी जानकारी दी जा सकेगी।
ममदोत क्षेत्र में आतंकी, नक्सली और तस्कर सक्रिय
खुफिया एजेंसियों का मानना है कि ममदोट क्षेत्र में आतंकी, नक्सली और तस्कर सक्रिय हैं। बीओपी न्यू गजनी वाला ममदोट क्षेत्र में पड़ती है। इससे पहले भी कई बार ममदोट क्षेत्र से सटी भारत-पाक सीमा से हेरोइन और हथियारों की खेप आ चुकी है। पुलिस और बीएसएफ के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियां ममदोट क्षेत्र में रहने वाले तस्करों से भी गहन पूछताछ कर रही हैं। बीओपी न्यू गजनी वाला की तरफ से कई बार विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने हेरोइन पकड़ी है, ये रास्ता तस्करी के लिए बहुत आसान माना जाता है।
कब-कब पकड़े सीमा से हथियार
- 3 जनवरी 2020: तरनतारन में ड्रोन के जरिए भेजी एके-47 राइफल।
- 1अक्तूबर 2019: बीएसएफ और एसटीएफ ने तीन लोगों को एके-47 व कारतूस के साथ पकड़ा।
- सितंबर व अक्तूबर 2019 में ममदोट क्षेत्र से पांच एके47 राइफलें व गोला-बारूद बरामद।
- 13 सितंबर 2019: अमृतसर से ट्रक में लदे हथियार पठानकोट में पकड़े। जिसमें छह एके-56 राइफल, दो एके-47 राइफल, छह मैगजीन व 180 कारतूस बरामद हुए थे।
- 4 फरवरी 2012: अमरकोट स्थित बीओपी पल्लोपत्ती से एक पिस्टल, एक मैगजीन व आठ कारतूस पकड़े।
- 6 अक्तूबर 2011: खेमकरण स्थित बीओपी जेएन मोहम्मद के पास चीनी पिस्टल, 2 मैगजीन व 14 कारतूस पकड़े।
- 24 अक्तूबर 2011: फाजिल्का के सीमांत गांव हस्ताकलां में तस्कर से 2 पिस्तौल, 3 मैगजीन व 40 कारतूस के अलावा 58 किलो हेरोइन पकड़ी।