दोस्तों ने इंटरव्यू के बहाने बुला खेला मौत का खौफनाक 'खेल'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दोस्तों ने युवक को इंटरव्यू के बहाने बुलाया, साथ ले गए और वो खौफनाक खेल खेला कि परिजन जानकर सन्न रह गए। उन्होंने युवक को जहर देकर मार डाला। मामले को लेकर जीएमसीएच-32 में मंगलवार जमकर हंगामा हुआ। आदर्श नगर, नया गांव निवासी शुभम जोशी (21) को उसके चार दोस्त सोमवार को 4:15 बजे दिल्ली में इंटरव्यू के बहाने ले गए।
इसके बाद आरोपी एक दोस्त ने पूरी रात परिजनों को गुमराह किया। मंगलवार को 12:30 बजे आरोपी शुभम को सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच लेकर पहुंचा। उसने मामले की जानकारी परिजनों को नहीं दी। पुलिस ने परिजनों को बताया। परिजन मौके पर पहुंचे तो पाया कि शुभम के मुंह से झाग निकल रहा था। डॉक्टर उसे मृत घोषित कर चुके थे। उसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि दोस्तों ने चंडीगढ़ में रखकर उसे जहर देकर मार डाला है और अब पुलिस आरोपी युवकों को बचा रही है। विवाद बढ़ता देख चौकी इंचार्ज ने शुभम के एक दोस्त मोहित वर्मा को हिरासत में लेकर थाना सेक्टर-34 भेज दिया है। वहीं पुलिस आरोपी से अन्य दोस्तों व उसके परेंट्स का नाम तक नहीं उगलवा सकी है।
मृतक ने मामा को किया था फोन
शुभम के पिता हरि प्रसाद जोशी ने बताया कि शुभम ने सोमवार को रात अपने मामा को फोन पर बताया कि उसके दोस्त इंटरव्यू के लिए उसे दिल्ली ले जा रहे हैं। इसके बाद सोमवार रात करीब 2.30 बजे शुभम के दोस्त मोहित वर्मा का उनकी बेटी के मोबाइल पर फोन आया कि शुभम की तबीयत बिगड़ गई है। वह फोन लेकर उनके पास आई। उन्होंने मोहित से पूछा तो उसने गोलमोल जवाब दिया।
उन्होंने जब यह कहा कि वह अभी कहां है तो उसने बताया कि वह दिल्ली में है। वह शुभम को गाड़ी से लेकर चंडीगढ़ आ रहा है। इसके बाद वह हर आधे घंटे बाद फोन करते रहे। लेकिन मोहित हर बार अलग बयान दे रहा था। वह चंडीगढ़ में ही था लेकिन उन्हें लगातार गुमराह करता रहा। कभी वह बताता कि शुभम ने नशा ज्यादा कर लिया है, इसके चलते तबीयत बिगड़ी है। तो कभी कहता था कि उसने उल्टी कर दी है।
पिता ने दोस्तों पर लगाए आरोप
हरि प्रसाद जोशी ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे जब उन्होंने फोन किया तो मोहित ने बताया कि वह शुभम को लेकर करनाल पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि वह गाड़ी लेकर वहीं आ रहे हैं, लेकिन मोहित ने आने से मना कर दिया। हरि प्रसाद जोशी का आरोप है कि मोहित वर्मा के साथ तीन अन्य दोस्त भी थे। जिन्होंने उनके बेटे को जबरन जहर देकर मार डाला है।
चार बहनों का इकलौता भाई था मृतक
शुभम चार बहनों का इकलौता भाई था। पिता हरि प्रसाद ने बताया कि मोहित नशा करना तो दूर वह कभी मीट को भी हाथ नहीं लगाता था। उसकी मौत का जिम्मेदार मोहित और उसके अन्य तीन दोस्त हैं। मोहित अन्य दोस्तों के नाम नहीं बता रहा है। वह उन्हें बचाने की कोशिश कर रहा है।
टोल टैक्स की पर्ची नहीं दिखा सका
सेक्टर-32 चौकी प्रभारी का कहना है कि उन्होंने आरोपी मोहित से दिल्ली से चंडीगढ़ जाने और आने के दौरान टोल टैक्स की पर्ची मांगी तो वह पर्ची नहीं दिखा सका। इससे साबित होता है कि वह चंडीगढ़ में ही था।