युवती के अश्लील फोटो खींच शिक्षक करने लगा ब्लैकमेल फिर...
राजस्थान के एक स्कूल में कार्यरत शिक्षक द्वारा एक युवती की अश्लील फोटो खिंचने, फोटो के सहारे ब्लैकमेल करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। मामला हरियाणा के भिवानी का है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला जैन चौक क्षेत्र के तहत रोहतक रोड की एक कॉलोनी का है। यहां एक साथ पढ़े एक शिक्षक ने अपनी साथी युवती के अश्लील फोटो लिये और अब उनके सहारे युवती को ब्लैकमेल और अश्लील बातें की जा रही थी।
युवती ने अपने परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद युवती के पिता ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर राहुल नामक शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले में जैन चौक चौकी इंचार्ज एसआई अत्तर सिंह ने बताया कि आरोपी ने बीएड की पढ़ाई करने के दौरान युवती के अश्लील फोटो खिंचे थे। बाद में वह युवक राजस्थान के एक स्कूल में शिक्षक लग गया।
युवती के पिता की शिकायत पर राहुल नामक शिक्षक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 294, 506, 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। युवक की तलाश की जा रही है।
दिल्ली की युवती से भिवानी में छेड़छाड़, पीट गया आरोपी
उधर भिवानी के दिनोद गेट के बाद एक युवती से छेड़छाड़ पर खूब हंगामा हुआ। लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ उसकी अच्छी खासी धुनाई कर दी और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। मामला महिला थाने पहुंच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रविवार सायं करीब साढ़े पांच बजे दिनोद गेट चौक के पास एक युवक ने युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती ने शोर मचाया तो युवक भागने लगा। मगर आसपास के लोगों ने उसे पीछा कर दबोच लिया। पकड़े जाने के बाद उसकी अच्छी खासी धुनाई की गई और फिर दिनोद गेट चौकी ले जाया गया। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
थाने में युवती ने बताया कि वह दिल्ली की है और युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। दिनोद गेट पुलिस ने बाद में महिला थाना पुलिस को सूचित किया। महिला थाना युवती और आरोपी युवक को महिला थाने लेकर पहुंची। जहां मामले में पूछताछ की जा रही है।
मामले में दिनोद गेट चौकी से एएसआई आनंद कुमार ने बताया कि छेड़छाड़ का मामला आया था। अब महिला थाना पुलिस इसकी जांच कर रही है। महिला थाना प्रभारी सुनीता ने बताया कि अभी सिर्फ सूचना आई है। जांच की जाएगी और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।