पति ने रची खौफनाक साजिश, दो युवकों को रुपये का लालच दे करवा दी पत्नी की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पटियाला की आदर्श कालोनी अबलोवाल में पिछली 25 सितंबर को सैर करते वक्त महिला के कत्ल के आरोपी उसके पति व पति के दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पति ने पैसे का लालच देकर अपनी जान पहचान के दो युवकों से कत्ल कराया था।
आरोपियों ने विवाहिता के सिर में बेसबाल बैट मारकर कत्ल किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का रिमांड लेकर उनसे वारदात में इस्तेमाल बेसबाल बैट और महिला से छीनी सोने की चेन व पति के मोबाइल को भी बरामद कराया जाएगा।
एसपी सिटी वरुण शर्मा ने बुधवार को सिविल लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि आरोपी पति मनिंदर सिंह व उसकी पत्नी पूनम रानी 25 सितंबर को आदर्श कालोनी अबलोवाल में अपने घर के पास रात के करीब साढ़े 10 बजे सैर कर रहे थे। उसी वक्त हमला करके महिला का कत्ल कर दिया गया था, जबकि पति को घायल किया गया था।
बाद में उसी दिन पुलिस जांच में खुलासा हो गया था कि कत्ल को पति ने ही किसी दूसरी महिला से अवैध संबंधों के चलते अंजाम दिया था। मामले को छिपाने के लिए आरोपी पति ने लूट की वारदात का ड्रामा रचा था।
पति ने पुलिस के पास बयान दिया था कि सैर करते वक्त अज्ञात लोगों ने उस पर हमला करके घायल कर दिया। लूटपाट के बाद उसकी पत्नी का कत्ल कर दिया। लूट में पत्नी की सोने की चेन व अपना मोबाइल चोरी होने की बात कही थी। इस केस में पुलिस ने पति के खिलाफ थाना सिविल लाइन में हत्या का केस भी उसी दिन दर्ज कर लिया था।
इसी बीच आरोपी पति अस्पताल से डिस्चार्ज होकर फरार हो गया था। उसे अब पुलिस ने पीआरटीसी वर्कशाप के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मनिंदर सिंह ने अपनी जान पहचान के अनपढ़ व मजदूरी करने वाले उत्तम सिंह उत्तम नेपाली निवासी करतार कालोनी और 20 साल के अनपढ़ व मजदूर कर्मवीर सिंह निवासी आदर्श कालोनी से पत्नी का कत्ल कराया था।
इसके लिए मनिंदर सिंह ने दोनों को डेढ़ लाख रुपये का लालच दिया था। इसमें से उत्तम सिंह ने 21 हजार व कर्मवीर सिंह काका ने 17 हजार ले लिए थे। इन दोनों आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।