बड़ा खुलासा: CIA प्रभारी के घर पर पहले से ही मौजूद थी गैंगस्टर टीनू की गर्लफ्रेंड, लुधियाना की रहने वाली है
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी गैंगस्टर दीपक टीनू को भगाने में तीन अन्य पुलिस मुलाजिमों की भूमिका सामने आ रही है। सूत्रों से पता चल रहा है कि टीनू को भगाने में दो हवलदार और एक कांस्टेबल की भी भूमिका संदिग्ध है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी दीपक टीनू का पुलिस हिरासत से भागने के बाद कोई सुराग नहीं है। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर टीनू अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने मानसा सीआईए के पूर्व प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रितपाल सिंह के सरकारी आवास पर गया था। जहां पहले से ही टीनू की गर्लफ्रेंड मौजूद थी।
सीआईए प्रभारी के साथ पूरी सेटिंग के बाद उसी की निजी गाड़ी में टीनू सरकारी घर पहुंचा और गर्लफ्रेंड को अलग कमरे में लेकर चला गया जबकि प्रितपाल सिंह दूसरे कमरे में बैठा रहा ताकि टीनू की मुलाकात कराने के बाद वह उसे वापस ले जाए लेकिन सब इंस्पेक्टर प्रितपाल सिंह को क्या पता था कि गैंगस्टर दीपक टीनू का क्या प्लान है।
वह अपनी प्रेमिका के साथ फरार होने की पूरी प्लानिंग बना चुका था। सूत्र बताते हैं कि गैंगस्टर टीनू की प्रेमिका लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित धांधरा इलाके की रहने वाली है। हालांकि अब तक कोई भी अधिकारी इसकी पुष्टि करने को तैयार नहीं है। पुलिस टीनू की प्रेमिका की दो सहेलियों के बारे में भी पता लगाने में जुटी है।
सूत्र बताते हैं कि जिस गाड़ी में टीनू की प्रेमिका उसे लेकर फरार हुई है, उसके बारे में दो युवतियों को भी पता था। सूत्रों के अनुसार टीनू की प्रेमिका को मानसा तक पहुंचने में दो युवकों ने मदद की थी। जिनमें से एक को पुलिस ने काबू कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। टीनू की प्रेमिका के साथ पहली मुलाकात पेशी के दौरान हुई थी और युवती भी पुलिस मुलाजिम है।
मुलाकात के बाद दोनों की आपस में बात होती रही। हैरानी की बात यह है कि लोगों की हर बात की जानकारी रखने वाले सीआईए मानसा के पूर्व प्रभारी प्रितपाल सिंह को पता नहीं था कि टीनू की प्रेमिका पुलिस मुलाजिम है। प्रितपाल सिंह के फोन की जांच हुई तो उसमें से मिले नंबर के बाद पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने टीनू की प्रेमिका का पता निकलवाया। इसके अलावा गैंगस्टर दीपक टीनू विदेश में बैठे और सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ के भी संपर्क में था।
टीनू ने जेल से ही पूरी प्लानिंग तैयार की थी कि उसे कैसे फरार होना है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी गैंगस्टर दीपक टीनू को भगाने में तीन अन्य पुलिस मुलाजिमों की भूमिका सामने आ रही है। सूत्रों से पता चल रहा है कि टीनू को भगाने में दो हवलदार और एक कांस्टेबल की भी भूमिका संदिग्ध है।
टीनू के फरारी मामले में बनाई गई एसआईटी सभी मुलाजिमों के बैंक खातों को खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि टीनू जब भागा उस समय करीब पांच हथियारबंद युवक भी उसके साथ थे। वो फॉर्च्यूनर कार में आए थे, जो एंडेवर के पीछे चल रही थी, जिसमें टीनू को उसकी प्रेमिका बैठाकर ले गई। उस समय गैंगस्टर टीनू के पास पिस्टल भी थी। पंजाब से बाहर निकलते ही वह अपनी प्रेमिका से अलग होकर दूसरी फॉर्च्यूनर कार में सवार हो गया था।