SUV वाले चोर: पुलिस ने चार शातिरों को पकड़ा, ऑर्डर पर चुराते थे, 15 महंगी कारें बरामद
एसएसपी शर्मा ने बताया कि आरोपी अवतार सिंह भी तीन व्यक्तियों के गिरोह से चोरी की कारें खरीद आगे बेचने का काम करता था। इन तीन व्यक्तियों में अमृतसर के कश्मीरपाल उर्फ बब्बी को गिरफ्तार किया गया है, जो वाहन डीलर है, जिसके खिलाफ ऐसे ही दो मामले दर्ज हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमृतसर देहात पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार शातिरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 एसयूवी कारें बरामद की हैं। इस गिरोह के सदस्य पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और यूपी में कीमती कारों को निशाना बना रहे थे। इससे पहले भी इसी ग्रुप के सदस्यों से पुलिस 24 वाहन बरामद कर चुकी है। यह जानकारी गुरुवार को एसएसपी देहात स्वपन शर्मा ने मेहता पुलिस थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
एसएसपी शर्मा ने बताया कि यह अति संगठित गिरोह है, जो एसयूवी और महंगी कारें मास्टर चाबी और इलेक्ट्रिक उपकरणों का इस्तेमाल कर चुराते थे। कारें चुराने के बाद इस गिरोह के सदस्य उनकी जाली नंबर प्लेट और दस्तावेज तैयार करने के बाद उन्हें पंजाब के सीमांत इलाकों में बेच देते थे। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का भंडाफोड़ मेहता थाना में दर्ज चोरी के एक मामले की जांच के दौरान हुआ।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार निशान सिंह उर्फ मिट्ठू और हरप्रीत सिंह उर्फ हनी के खिलाफ छीना-झपटी और नशीले पदार्थों के आठ मामले दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी के साथ ही इलाके में छीना-झपटी की सात अज्ञात वारदातों को हल किया गया है। यह दोनों आरोपी चोरी के सामान को अमृतसर के मजीठा बाईपास स्थित एक वेट कैंटीन चलाने वाले अवतार सिंह उर्फ सन्नी को बेचते, जो उन्हें आगे बेचता था।
उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्यों से 15 एसयूवी कारें बरामद करने के साथ ही उनसे मास्टर-की और इलेक्ट्रिक उपकरण भी मिले हैं। इनका इस्तेमाल वे कारें चुराने में करते थे। एसएसपी शर्मा ने बताया कि आरोपी अवतार सिंह भी तीन व्यक्तियों के गिरोह से चोरी की कारें खरीद आगे बेचने का काम करता था।
इन तीन व्यक्तियों में अमृतसर के कश्मीरपाल उर्फ बब्बी को गिरफ्तार किया गया है, जो वाहन डीलर है, जिसके खिलाफ ऐसे ही दो मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि मामले के बाकी आरोपियों की गिरफ्तार के लिए पुलिस दबिश दे रही है और बहुत जल्द इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी काबू कर लिया जाएगा।
आर्डर पर चुराते थे एसयूवी कारें
पुलिस ने खुलासा किया है कि यह चोर ऑर्डर के बाद कारों की चोरी करते हैं। इनके निशाने पर सामान्य कारें नहीं बल्कि कीमती एसयूवी होती हैं। इस गिरोह पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में सक्रिय है। गिरोह के गुर्गे उन लोगों पर नजर रखते हैं जिनका एसयूवी कारों में आना-जाना होता है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की कारों को डिफाल्टर ग्राहकों से वापस लेने की बात कहकर बेचते हैं।
बताया जा रहा है कि वाहन चोरी गिरोह के शातिर सदस्य पहले कार को चिन्हित कर उसकी तस्वीर लेते और इसके बाद सीमांत इलाकों में घूम-घूमकर ग्राहक की तलाश करते। ग्राहक मिलने के बाद उससे कुछ एडवांस लेते और उसके बाद कार को चुराकर जाली नंबर प्लेट और जाली दस्तावेज तैयार करवाने के बाद बहुत ही सस्ते दाम पर ग्राहक को बेच देते। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मेहता थाना प्रभारी लवप्रीत सिंह बाजवा ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान यह खुलासा किया है कि वे पिछले दो सालों से यह काम कर रहे हैं। आरोपियों ने दिल्ली और तरनतारन के अपने दो-दो साथियों के नामों का खुलासा किया है।