कबड्डी खिलाड़ी ने माता-पिता को पीटा और घर से निकाला, बाद में खुद उठा लिया खौफनाक कदम
मोगा के थाना बाघापुराना के अधीन पड़ते गांव नत्थोके में 22 वर्षीय एक युवक ने नशे के पैसे न मिलने पर पहले अपने माता-पिता से मारपीट की और उन्हें घर से निकाल दिया। बाद में खुद भी घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर 174 की कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार के हवाले कर दिया है।
जांच अधिकारी एएसआई गुरतेज सिंह के अनुसार नैब सिंह निवासी गांव नत्थोके ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा कि उसके दो बेटे है, बड़ा बेटा ट्रक चलाता है, जबकि छोटा बेटा जगतार सिंह कबड्डी खिलाड़ी है।
करीब चार साल से जगतार सिंह नशा करने लगा था और चोट लगने के कारण उसने कबड्डी खेलना भी छोड़ दिया था। इसी दौरान उसकी शादी कर दी। नशे की लत के कारण कुछ समय के बाद ही उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई। करीब छह माह पहले ही जगतार सिंह का अपनी पत्नी के साथ तलाक हुआ था।
नैब सिंह के अनुसार रविवार की रात को जगतार सिंह नशे के लिए उनसे एक हजार रुपये की मांग की। जब उन्होंने उसे पैसे न दिए तो जगतार सिंह ने उससे व अपनी मां के साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया और घर को आग लगाने की कोशिश भी की। इसके बाद नैब सिंह अपनी पत्नी को लेकर गांव घोलिया कलां में अपनी साली के घर आ गया।
इसी बीच रात को उसे पता चला कि जगतार ने घर में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। जांच अधिकारी का कहना है कि खुदकुशी का मुख्य कारण आर्थिक तंगी से परेशान होना भी है। फिलहाल पुलिस ने नैब सिंह के बयान पर 174 की कार्रवाई की है।