किसान ने लाइव की खुदकुशी: वीडियो में कहा- मेरा सपना था कि अपने बच्चों को ऊंचे मुकाम पर पहुंचते देखूं, इस वजह से उठाया ये कदम
थाना नथाना के एसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि मृतक काला सिंह के परिजनों के बयान पर आरोपी यादविंदर सिंह उर्फ जादू और बलजिंदर सिंह के खिलाफ खुदकुशी करने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया गया है, उनकी अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बठिंडा के गांव पूहला में एक किसान ने आढ़ती व एक अन्य किसान की तरफ से 40 लाख रुपये की जालसाजी किए जाने से परेशान होकर सोशल मीडिया पर लाइव होकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक किसान की पहचान हरचरण सिंह उर्फ काला पूहला के तौर पर हुई है। हरचरण सिंह ने वीडियो में अपने अधूरे सपने के बारे में कहा कि वह अपने दोनों बच्चों से बहुत प्यार करता है। उसका सपना था कि वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर ऊंचे मुकाम पर पहुंचते देखे पर आढ़ती और उसके साथी के कारण वह मानसिक तौर पर टूट गया है, इस कारण वह अपने बच्चों पर घर की इतनी बड़ी जिम्मेदारी डालकर भगवान के घर जा रहा है।
उसने कहा कि अगर मैं सच्चा हूं, तो मेरे बाद मुझे और मेरे परिवार को इंसाफ जरूर दिलवाना। वह अपने पीछे पत्नी के अलावा 15 साल की एक बेटी और 14 वर्षीय बेटा छोड़ गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर आरोपी यादविंदर सिंह उर्फ जादू और बलजिंदर सिंह के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी होनी बाकी है। जानकारी के अनुसार गांव पूहला निवासी किसान हरचरण सिंह उर्फ काला ने सोमवार की सुबह सोशल मीडिया फेसबुक पर लाइव होकर खुद को फंदे में लटकाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले उसने आरोप लगाया कि वह अपनी फसल एक आढ़ती के यहां एक जानकार किसान के मार्फत बेचता था।
आढ़ती उसकी फसल का पैसा नहीं दे रहा था। यह राशि लंबे समय से करीब 40 लाख रुपये के करीब हो गई। हर बार आढ़ती उसे कह देता था कि उसका पैसा सुरक्षित जमा है, जब जरूरत होगी तो ब्याज समेत उससे वह राशि ले सकता है। हरचरण सिंह उर्फ काला पूहला ने कई बार आढ़ती को पैसा देने के लिए कहा पर वह एक अन्य के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
करीब 8 दिन पहले आढ़ती उसके घर आया और कहा कि वह उसके खाते में पैसा जमा करवा देगा इसके लिए ऑनलाइन पेमेंट होगी। इसलिए वह उसे अपने खाते का खाली चेक साइन करके दे। रकम ज्यादा होने के कारण चार बैंकों से उसे ट्रांसफर करेगा और ऐसा कहकर वह चार खाली चेक पर उसके हस्ताक्षर करवाकर ले गया। इसके बाद जब किसान को पैसा नहीं मिला तो उसने आढ़ती को फोन किया। इस पर आढ़ती ने कहा कि अगर उसने ज्यादा परेशान किया तो वह खाली चेक में रकम भरकर उस पर केस कर देगा कि वह उसकी पेमेंट हड़प रहा है।
इसी बात को लेकर हरचरण सिंह उर्फ काला पूहला मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा और अपने जीवन का अंत कर लिया। मृतक व्यक्ति के रिश्तेदार रविंदर सिंह ने बताया कि आढ़ती और उसका साथी उसके जीजा हरचरण सिंह को लगातार परेशान कर रहा था। इस कारण वह आत्महत्या करने को मजबूर हुआ है। उन्होंने पुलिस व प्रशासन से उसके जीजा के हत्यारों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है।
थाना नथाना के एसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि मृतक काला सिंह के परिजनों के बयान पर आरोपी यादविंदर सिंह उर्फ जादू और बलजिंदर सिंह के खिलाफ खुदकुशी करने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया गया है, उनकी अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक ने अपनी वीडियो में भी इन दोनों लोगों के नाम लिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।