पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने की राज्यपाल से मुलाकात, नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ के नेतृत्व में बुधवार को पंजाब के मंत्रियों-विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर से मिला और केंद्र सरकार द्वारा पास किए नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ उन्हें राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस की ओर से मांग की गई है कि राष्ट्रपति नागरिकता संशोधन बिल-2019 को मंजूरी न दें और इसे पार्लियामेंट को लौटा दें।
प्रतिनिधिमंडल में कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, बलबीर सिंह सिद्धू, अरुणा चौधरी, साधू सिंह धर्मसोत, विधायक परगट सिंह, राजकुमार वेरका, रविंदर आवला, फतेहजंग बाजवा, संतोख भलाईपुर, धरमवीर अग्निहोत्री, अरुण डोगरा, कुलबीर सिंह जीरा, गुरप्रीत सिंह जीपी और सुनीत दत्ती समेत 14 विधायक शामिल थे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार नागरिकता संशोधन बिल के जरिए देश का माहौल खराब कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में धार्मिक उन्माद पैदा किया जा रहा है और डर का माहौल पैदा करके देश को तबाही की ओर ले जाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि लोकसभा और राज्यसभा में नंबर जुटाकर केंद्र सरकार बिल पास करा ले।
राष्ट्रपति से आग्रह है कि वे इस बिल को मंजूरी न दें। देश को बहुमत से नहीं चलाया जा सकता। अगर बीस फीसदी आबादी डर के माहौल में रहेगी तो देश तरक्की कैसे करेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश आर्थिक मोर्चें पर पूरी तरह फेल हो चुकी है और देश मंदी की चपेट में है। ऐसे में यह बिल पास करना, जानबूझकर देश की कानून-व्यवस्था को आग में झोंकने के समान है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार अपनी नाकामियां छिपाने के लिए नागरिकता संशोधन बिल से लोगों का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है।
जांच फोटो की नहीं, साठगांठ की
अकाली नेताओं और मुख्यमंत्री के साथ गैंगस्टर की फोटो को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री ने नेताओं और गैंगस्टरों के बीच साठगांठ की जांच के आदेश दिए हैं। जहां तक फोटो का प्रश्न है, नेताओं के साथ कोई भी फोटो खिंचा सकता है। उन्होंने कहा कि जांच में यह मुख्य पहलू होगा कि केवल फोटो खिंचवाई गई है या संबंधित नेता और गैंगस्टर में कोई साठगांठ है।
भगत सिंह के खिलाफ वादा माफ गवाह बने थे भाजपाई
जाखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मोदी के अलावा देश में कोई देशभक्त नहीं है। अगर आपके पास अन्य विचारधारा की अगर कोई किताब भी मिल गई तो आप देशद्रोही ठहरा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मोदी दावा कर रहे हैं कि वे ऐतिहासिक गलतियों को सुधार रहे हैं, लेकिन जब यह गलतियां हो रही थीं, तब आरएसएस और भाजपा ने इसका विरोध क्यों नहीं किया? उन्होंने कहा कि वीर सावरकर छह बार अंग्रेजों से माफी मांग कर बचे। देश की आजादी के लिए जिन्होंने शहादत दी, उन्हें आज ऐतिहासिक गलती बताया जा रहा है। जाखड़ ने कहा कि भाजपा वह जमात है जिन्होंने शहीद भगत सिंह के खिलाफ वादा माफ गवाह बनकर गवाही दी थी।
तो अब तक बेअदबी के दोषियों का एनकाउंटर हो जाता: जाखड़
गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया द्वारा अपने एनकाउंटर की आशंका जताए जाने संबंधी सवाल के जवाब में जाखड़ ने कहा कि भगवानपुरिया की आशंका हैदरावाद के हाल के एनकाउंटर से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि सोच कर देंखे कि अगर लोग खुद ही फैसला लेने लग जाएं कि फलां व्यक्ति दुष्कर्मी है, फलां ने बेअदबी की है, फलां ने निहत्थों पर गोली चलवाई है, तो अब तक पंजाब में उनका एनकाउंटर हो जाना चाहिए था। जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस को न्यायिक प्रक्रिया में पूरा यकीन है।